कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग)। चौपारण थाना क्षेत्र की दनुआ घाटी में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार को एक बार फिर भीषण हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरा, जिससे ट्रक में सवार चालक और उपचालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मृतक दोनों बिहार के चंपारण जिले के निवासी हैं। बताया जाता है कि ट्रक दनुआ घाटी के खतरनाक मोड़ से गुजर रहा था, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक सीधे खाई में पलट गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
जैसा कि तस्वीर में दिख रहा है, दोनों शव बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही चौपारण पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसों की घाटी बनती जा रही दनुआ: लगातार हो रहे हादसों ने NHAI की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। तीखे मोड़, गहरी ढलान और तेज रफ्तार के कारण दनुआ घाटी लंबे समय से काल बन चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटी में हर महीने हादसे होते हैं, पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए।
लोगों ने प्रशासन और NHAI से मांग की है कि घाटी में क्रैश बैरियर, संकेतक बोर्ड और स्पीड कंट्रोल के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि आगे किसी की जान न जाए।

0 Comments