• रॉन्ग साइड के बाजीगरों ने लगाया महाजाम, सिस्टम फेल - पुलिस गायब, जनता बेहाल
कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग)। रविवार को GT रोड नहीं, जैसे मौत की रेंगती हुई लकीर बन गई थी। सुबह 10 बजे एक ट्रक तिरछा हुआ, फिर क्या था - रॉन्ग साइड से घुसने की होड़ में ड्राइवरों ने ऐसी गुंथी लगाई कि 8 घंटे तक महुदी मोड़ से चौपारण तक पहिया जाम हो गया।
तस्वीरें चीख-चीख कर कह रही हैं - एक तरफ सफेद अर्टिगा, दूसरी तरफ ऑटो, बीच में फंसी काली स्कॉर्पियो और पीछे सैकड़ों ट्रकों की बारात। लोग गाड़ी से उतरकर सड़क पर टहलते रहे, गाली देते रहे, पर सुनने वाला कोई नहीं।
सबसे बड़ा पाप - इस महाजाम में एक एंबुलेंस भी सायरन बजाते-बजाते दम तोड़ती रही। अंदर मरीज तड़प रहा था और बाहर ट्रक ड्राइवर बीड़ी फूंक रहे थे। इससे बड़ी लापरवाही क्या होगी?
ग्रामीणों का फूटा गुस्सा - स्थानीय लोगों ने कहा, "चतरा मोड़, महुदी मोड़ पर हर दिन यही नाटक होता है। NHAI सर्विस रोड अधूरा छोड़कर भाग गई, अंडरपास तालाब बना है, और पुलिस थाना में सो रही है। टोल पूरा वसूला जा रहा है, सुविधा के नाम पर जीरो।"
चौपारण की जनता अब आर-पार के मूड में है। लोगों ने चेतावनी दी है - अगर जाम प्वाइंट पर तुरंत पुलिस नहीं लगी और रॉन्ग साइड वालों पर डंडा नहीं चला, तो अगली बार GT रोड नहीं, NH कार्यालय को जाम करेंगे।

0 Comments