चतरा : ठंडवा एनटीपीसी मेन गेट पार्किंग में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाएं लगातार सामने आने से वहां काम करने वाले कर्मचारियों एवं मजदूरों में चिंता और आक्रोश का माहौल है। बताया जाता है कि इससे पहले भी कई श्रमिकों की मोटरसाइकिल पार्किंग से चोरी हो चुकी है, लेकिन पीड़ितों को अब तक उचित मुआवजा अथवा क्षतिपूर्ति नहीं मिल सकी है। मंगलवार 25 अगस्त 2026 की रात करीब 8 बजे, जब कामता निवासी साजिद अंसारी की स्पलेंडर मोटरसाइकिल (बाइक ग्रेय) नंबर JH13L7426, एनटीपीसी मेन गेट पार्किंग से चोरी हो गई। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद पार्किंग की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब कई सवाल उठने लगी है। स्थानीय लोगों एवं पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले कर्मचारियों का आरोप है कि रात के समय पार्किंग क्षेत्र की पर्याप्त लाइटिंग नहीं रहती है और कई बार पार्किंग अंधेरे में रहती है। इसके अलावा पार्किंग में लगे CCTV कैमरों की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि कैमरों की तस्वीर स्पष्ट नहीं होने के कारण संदिग्ध व्यक्ति अथवा वाहन की पहचान करने में परेशानी होती है। लोगों का कहना है कि जब एनटीपीसी जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठान के मुख्य गेट के पास लगातार वाहन चोरी की घटनाएं हो रही हैं, तो एनटीपीसी प्रबंधन को पार्किंग की सुरक्षा व्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए जवाबदेही तय करनी चाहिए। पार्किंग में पर्याप्त रोशनी, उच्च गुणवत्ता वाले CCTV कैमरे, नियमित सुरक्षा गश्त और वाहनों की निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करना आवश्यक है। लोगों को सवाल है कि यदि कर्मचारी और श्रमिक अपनी मोटरसाइकिल सुरक्षित समझकर एनटीपीसी परिसर के पार्किंग क्षेत्र में खड़ी करते हैं और इसके बावजूद उनके वाहन लगातार चोरी होते हैं, तो उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी है। पूर्व में चोरी हुए वाहनों के मामलों में पीड़ितों को क्षतिपूर्ति नहीं मिलने से भी लोगों में नाराजगी बताई जा रही है। लोगों ने एनटीपीसी प्रबंधन एवं संबंधित सुरक्षा एजेंसी से मांग की है कि पूर्व में हुई मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं की समीक्षा की जाए, पार्किंग की सुरक्षा, रात में पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था तथा CCTV कैमरों को उच्च गुणवत्ता का बनाया जाए। साथ ही चोरी की घटनाओं में उपलब्ध CCTV फुटेज की जांच कर पुलिस को आवश्यक सहयोग देने की मांग की गई है। वहीं, लोगों ने पुलिस प्रशासन से भी लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज करने और चोरी हुए वाहनों की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
0 Comments