Hot Posts

6/recent/ticker-posts

MDR-068 बना मौत का गड्ढा: चौपारण-चतरा मुख्य मार्ग पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे, दादपुर नहर के पास सड़क बीच से गायब

 


गड्ढों में भरा बारिश का पानी दे रहा है मौत को दावत, रात में दुपहिया चालकों के लिए बना काल, सांसद प्रतिनिधि ने RCD को चेताया

कृष्णा कुमार कुशवाहा 

चौपारण (हजारीबाग)। चौपारण से चतरा को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मुख्य मार्ग MDR-068 इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। आरसीडी, चतरा डिवीजन के जिम्मे इस सड़क के रख-रखाव और चौड़ीकरण का कार्य है, लेकिन विभाग की घोर लापरवाही के कारण पूरी सड़क मौत के गड्ढों में तब्दील हो चुकी है।

सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे खतरनाक और गंभीर स्थिति दादपुर नहर के पास बनी हुई है, जहां सड़क के बीचों-बीच बने गहरे गड्ढे कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। बारिश के बाद तो यह मार्ग और भी खतरनाक हो जाता है, क्योंकि गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता।

दिन में खतरा, रात में मौत का जाल, चौपारण-चतरा पथ पर दादपुर नहर के पास सड़क की स्थिति इतनी जर्जर है कि दिन में भी वाहन चालकों को संभल-संभल कर गुजरना पड़ता है। वहीं रात के समय गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरा कई गुना बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक सामने आए गड्ढों से वाहन चालक अपना संतुलन खो देते हैं और गिरकर गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं।

यही हाल चौपारण से बीघा बाजार के बीच का भी है, जहां कई जगह सड़क की ऊपरी परत पूरी तरह उखड़ चुकी है। कई स्थानों पर तीखे मोड़ों के साथ-साथ सड़क खराब होने से चालकों को जान जोखिम में डालकर वाहन चलाना पड़ रहा है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं से छोटे वाहन चालकों में दहशत है।

सड़क की इस बदहाल स्थिति को लेकर बरही विधानसभा के सांसद प्रतिनिधि मुकुंद साहू ने पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने दादपुर नहर के पास सहित चौपारण-बीघा बाजार और बारा-इटखोरी के क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।

मुकुंद साहू ने कहा कि चौपारण-चतरा मुख्य मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए लाइफलाइन है। सड़क की खराब स्थिति से आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है और हर पल दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। उन्होंने विभाग से बिना देर किए सभी गड्ढों को भरने और क्षतिग्रस्त हिस्सों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने की मांग की है।

वहीं स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में सड़क की बदहाली को लेकर भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क के कई हिस्से खराब पड़े हैं, लेकिन आज तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि दादपुर नहर सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर तत्काल मरम्मत नहीं कराई गई तो यह बदहाल सड़क कभी भी किसी बड़ी अनहोनी का कारण बन सकती है।

Post a Comment

0 Comments