तेज रफ्तार ट्रेलर संख्या RJ 52 GA 4116 ने बाई ओर से ओवरटेक के दौरान लिया चपेट में, जीटी रोड पर फिर उठा सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग) : रक्षाबंधन का पावन त्योहार एक परिवार के लिए मातम में बदल गया। जीटी रोड स्थित सिंघरावां में शुक्रवार को घर के बाहर खड़े 10 वर्षीय मासूम बच्चे को तेज रफ्तार ट्रेलर ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन में उसे अनुमंडलीय अस्पताल बरही ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान मिथलेश साव के 10 वर्षीय पुत्र आरव कुमार के रूप में हुई है।बताया जाता है कि रक्षाबंधन के अवसर पर परिवार के सभी लोग घर पर थे। इसी दौरान आरव घर के बाहर खड़ा था। तभी जीटी रोड से गुजर रहा ट्रेलर संख्या RJ 52 GA 4116 दूसरी गाड़ी को बायीं ओर से ओवरटेक करने के दौरान अनियंत्रित होकर बच्चे की ओर चला गया और उसे कुचल दिया। हादसे में बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रेलर को रोककर अपने कब्जे में ले लिया और पुलिस को सूचना दी।
बरकट्ठा से आया था परिवार, पल में उजड़ गईं खुशियां बताया गया कि रक्षाबंधन के अवसर पर पूरा परिवार बरकट्ठा से सिंघरावां आया हुआ था। किसी को क्या पता था कि त्योहार की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल जाएंगी। घटना की खबर मिलते ही घर-परिवार और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। मां ललिता देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता मिथलेश साव और मामा रवि कुमार समेत परिवार के लोगों का दर्द देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।ग्रामीणों में आक्रोश, जीटी रोड पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल हादसे के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि जीटी रोड पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, इसके बावजूद सड़क सुरक्षा को लेकर पर्याप्त इंतजाम नहीं किए जा रहे हैं।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण और यातायात व्यवस्था में बरती जा रही लापरवाही के कारण आए दिन लोगों की जान जा रही है। जीटी रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और एक-दूसरे को ओवरटेक करने के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही आम लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है।ग्रामीणों ने मांग की है कि सड़क किनारे बसे गांवों के समीप गति नियंत्रण, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराना अति आवश्यक है। रक्षाबंधन के दिन हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे सिंघरावां क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। 10 वर्षीय आरव की मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में मातम का माहौल है।

0 Comments