Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Palamu News: चाईबासा जेल से कड़ी सुरक्षा में पलामू पहुंची रिया सिन्हा, कोर्ट में हुई पेशी

 


Palamu: झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर दिवंगत सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा को शनिवार को पुलिस की भारी सुरक्षा के बीच पलामू कोर्ट में पेश किया गया. रिया सिन्हा वर्तमान में चाईबासा जेल में न्यायिक हिरासत में बंद हैं. अदालती कार्यवाही पूरी होने के बाद पुलिस टीम उन्हें वापस चाईबासा जेल लेकर रवाना हो गयी. इस हाई-प्रोफाइल पेशी को लेकर पलामू कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे.

एडीजे कोर्ट में हुई पेशी

रिया सिन्हा को शनिवार को पलामू व्यवहार न्यायालय के एडीजे-08 की अदालत में पेशी हुई . उनके अधिवक्ता चितरंजन पांडेय ने बताया कि न्यायालय के समक्ष रिया सिन्हा को पेशी हुई. कानूनी प्रक्रिया पूरी होने और उपस्थिति दर्ज होने के बाद पुलिस बल उन्हें वापस चाईबासा जेल ले गया.


वर्ष 2018-19 का फायरिंग मामला

यह पूरी अदालती कार्यवाही साल 2018-19 में पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र में हुई एक फायरिंग की घटना से जुड़ी है. इस मामले में पुलिस ने गैंगस्टर सुजीत सिन्हा, उनकी पत्नी रिया सिन्हा सहित कई अन्य सहयोगियों को नामजद आरोपी बनाया था. इसी पुराने आपराधिक मामले में रिया सिन्हा की पलामू कोर्ट में नियमित पेशी तय की गयी थी.

सुजीत सिन्हा का एनकाउंटर और पैरोल

हाल ही में झारखंड के जामताड़ा इलाके में एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की मौत हो गयी थी. यह घटना तब हुई जब सुजीत सिन्हा को साहिबगंज जेल से धनबाद जेल शिफ्ट किया जा रहा था. इससे पहले, रिया सिन्हा को अपने पति सुजीत सिन्हा के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कोर्ट से पैरोल मिली थी, जिसके बाद वे पलामू के हुसैनाबाद पहुंची थीं.


आपराधिक पृष्ठभूमि और पारिवारिक इतिहास

सुजीत सिन्हा झारखंड के सबसे कुख्यात गैंगस्टरों में से एक रहा है, जिसके गिरोह का राज्य के कई जिलों में आतंक था. सुजीत के साथ-साथ उनकी पत्नी रिया सिन्हा पर भी कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं. सुजीत सिन्हा मूल रूप से पलामू के हुसैनाबाद प्रखंड के पथरा गांव का निवासी था, जबकि उसका एक अन्य मकान मेदिनीनगर के रेडमा क्षेत्र में भी है.


Post a Comment

0 Comments