Hot Posts

6/recent/ticker-posts

15 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार राजस्व उप निरीक्षक सतीश प्रसाद निलंबित

कृष्णा कुमार कुशवाहा 

चतरा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), हजारीबाग की ट्रैप कार्रवाई में 15 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार चतरा अंचल कार्यालय के राजस्व उप निरीक्षक सतीश प्रसाद को निलंबित कर दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एसीबी हजारीबाग की टीम ने थाना कांड संख्या 09/26, दिनांक 14.09.2026 के तहत कार्रवाई करते हुए चतरा अंचल के हल्का-सात में पदस्थापित राजस्व उप निरीक्षक सतीश प्रसाद को शिकायतकर्ता तुलसी यादव से 15 हजार रुपये रिश्वत लेते 15 सितंबर को गिरफ्तार किया था। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (यथा संशोधित 2018) की धारा 7(ए) के तहत की गई।

गिरफ्तारी के बाद सक्षम प्राधिकार ने झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2016 के नियम 9(2)(क) के तहत सतीश प्रसाद को 15 सितंबर 2026 से अगले आदेश तक निलंबित कर दिया है।

निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा, जिसका भुगतान उक्त नियमावली के नियम 10 के प्रावधानों के तहत किया जाएगा। कारावास से मुक्त होने के बाद उन्हें जिला स्थापना शाखा, चतरा में योगदान देना होगा। जिला प्रशासन ने कहा है कि सरकारी कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments