Hot Posts

6/recent/ticker-posts

माँ भद्रकाली की जय-जयकार से गूंजा इटखोरी धाम, अनवरत कीर्तन मंडली का 25वाँ रजत जयंती महोत्सव संपन्न


कृष्णा कुमार कुशवाहा

इटखोरी (चतरा) : शक्ति और भक्ति के संगम स्थल ऐतिहासिक माँ भद्रकाली मंदिर परिसर रविवार को हरिनाम संकीर्तन से गूंज उठा। मंदिर परिसर में संचालित अनवरत कीर्तन मंडली का 25वाँ वर्षगांठ समारोह रजत जयंती महोत्सव के रूप में दिव्य और भव्य तरीके से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण, हवन-पूजन के साथ हुआ। कीर्तन समिति के संस्थापक अध्यक्ष स्व. रामसेवक प्रसाद सिंह एवं सूरज दास बाबा रोशन जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने कहा कि वर्ष 2000 में कुछ भक्तों द्वारा शुरू किया गया यह आस्था का दीप 25 वर्षों से आंधी-तूफान में भी अनवरत जल रहा है, जो किसी तपस्या से कम नहीं है। समारोह में पूर्व मंत्री गिरिनाथ सिंह, पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला यादव, जिला परिषद उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी, आजाद शत्रु सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

जिला परिषद उपाध्यक्ष बिरजू तिवारी ने कहा कि यह कीर्तन केवल ध्वनि नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति की आत्मा है। इस तरह के आयोजन क्षेत्र की आस्था और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करते हैं। इसे और भव्य बनाना हम सबका दायित्व है। वहीं माँ भद्रकाली मंदिर न्यास समिति के अध्यक्ष यतेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि अनवरत कीर्तन की परंपरा को आगे भी मजबूती से जारी रखने के लिए न्यास समिति हर संभव सहयोग के लिए तैयार है।

कार्यक्रम के दौरान धार्मिक आयोजन को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए नई कमेटी के गठन पर मंथन किया गया। पूर्व कमेटी का विस्तार करते हुए भद्रकाली महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दुलार हजाम को सह सचिव और संतोष केशरी को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई। अंत में श्रद्धालुओं के बीच गुड़-आटा से निर्मित महाप्रसाद का वितरण किया गया। इस अवसर पर स्वामी श्रीनिवास जी, पूर्व शिक्षक रामचंद्र सिंह, हरिचंद्र प्रसाद सिंह, देव कुमार सिंह, सीताराम सिंह, श्याम प्रसाद सिंह, पूर्व प्रमुख ऋषिबाला सिंह, भाजपा के जिला महामंत्री डॉ. मृत्युंजय सिंह, मनोज सिंह सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद थे।

Post a Comment

0 Comments