कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग) : सूचना तक सार्वभौमिक पहुंच का अंतर्राष्ट्रीय दिवस प्रत्येक वर्ष 28 सितंबर को मनाया जाता है।इस अवसर पर प्रथम सूचना अधिकार प्रतिष्ठान के झारखंड प्रदेश संयोजक और बरही विधानसभा सांसद प्रतिनिधि मुकुंद साव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि आधुनिक दुनिया में 'सूचना' का अर्थ केवल जानकारी प्राप्त करना नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र की नींव है। उन्होंने कहा कि भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में मतदाताओं को अपने प्रतिनिधियों, नीतियों और सरकारी कामकाज की पूरी और निष्पक्ष जानकारी मिलना आवश्यक है। सूचना तक पहुंच लोकतंत्र की सुरक्षा का साधन है। मुकुंद साव ने कहा कि अधिकांश विकासशील देशों में विकास परियोजनाएं भ्रष्टाचार से ग्रस्त हैं।
आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास के लिए आवंटित राशि बिचौलियों और ठेकेदारों की जेब में चली जाती है। पारदर्शिता की कमी से गोरखधंधा पनपता है। उन्होंने कहा कि सूचना के अधिकार से सरकारों को उनकी नीतियों और व्यय के लिए जवाबदेह ठहराया जा सकता है। इससे शासन में जनता की भागीदारी बढ़ती है। प्रथम सूचना अधिकार प्रतिष्ठान सूचना के अधिकार को जन-जन तक पहुंचाने के लिए कृतसंकल्प है। अंत में उन्होंने सूचना का अधिकार के अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

0 Comments