बेकाबू ट्रेलर ने कार, कंटेनर और 409 को रौंदा; 40 फीट गहरी खाई में गिरी पिकअप, एक की मौत, दो घायल
कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग) : जिले की सबसे खतरनाक मानी जाने वाली दनुआ घाटी में एक बार फिर खून से लथपथ सड़क देखी गई। विश्वकर्मा पूजा के दिन शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे एक बेकाबू ट्रेलर ने मौत का तांडव मचा दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने पहले एक कार और कंटेनर को टक्कर मारी, फिर सामने से आ रही 409 (छोटा हाथी) को जोरदार टक्कर मारते हुए खाई में धकेल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि 409 वाहन सड़क से करीब 40 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी।हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 409 में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और खाई में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार और पिकेट प्रभारी नीतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को बाहर निकाल कर अस्पताल भिजवाया गया।
सवालों के घेरे में सुरक्षा व्यवस्था लगातार हो रहे हादसों ने प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। त्योहार के दिन हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिर्फ हादसे के बाद राहत कार्य करना काफी नहीं है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दनुआ घाटी के ब्लैक स्पॉट को चिन्हित कर वहां ब्रेकर, साइन बोर्ड, क्रैश बैरियर और गति नियंत्रक लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
0 Comments