रायपुर : लोहरदगा लोकसभा के सांसद एवं छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त प्रभारी श्री सुखदेव भगत शनिवार को पहली बार छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचे। स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर उतरते ही हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और "सुखदेव भगत जिंदाबाद" के गगनभेदी नारों के साथ उनका ऐतिहासिक स्वागत किया। एयरपोर्ट से प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन तक के पूरे मार्ग पर जगह-जगह स्वागत मंच बनाए गए थे। सड़कों के दोनों ओर कतारबद्ध खड़े कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया, जिससे पूरा रायपुर शहर कांग्रेसमय हो गया। कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व उत्साह और जोश देखने को मिला।स्वागत से अभिभूत श्री भगत ने हाथ जोड़कर सभी कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने कहा, "छत्तीसगढ़ की इस पावन धरती पर जो अपार स्नेह और सम्मान मिला है, वह मैं कभी नहीं भूलूंगा। कार्यकर्ताओं का यह जोश ही कांग्रेस की असली ताकत है।
हम सब मिलकर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करेंगे और जनता की लड़ाई लड़ेंगे।" उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और आने वाले दिनों में संगठन को नई ऊर्जा और नई रणनीति के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। गौरतलब है कि सुखदेव भगत को हाल ही में कांग्रेस आलाकमान ने छत्तीसगढ़ का प्रभारी नियुक्त किया है। उनके प्रथम रायपुर दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
0 Comments