जिला पुलिस अधीक्षक ने प्रेसवार्ता में दी जानकारी, फिरौती के लिए हुआ था अपहरण
कृष्णा कुमार कुशवाहा
चतरा : जिला मुख्यालय के सदर थाना क्षेत्र के नगवां निवासी ऑटो चालक तिलक यादव अपहरण कांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने प्रेसवार्ता कर बताया कि सुरेन्द्र यादव की लिखित शिकायत पर भाई तिलक यादव के अज्ञात लोगों द्वारा अपहरण को लेकर सदर थाना में मामला दर्ज किया गया था। एसपी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने मानवीय सूचना व तकनीकी शाखा के सहयोग से बिहार के धनगाई थाना क्षेत्र से अपहृत तिलक यादव को सकुशल बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में कैलाश दांगी (47 वर्ष) पिता स्व. बालदेव दांगी, साकिन महुदा थाना ईटखोरी, और मनोज कुमार (23 वर्ष) पिता विदेशी मंडल, साकिन पतलुका थाना धनगाई, जिला गया (बिहार) शामिल है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल संख्या JH-13 K 8511, काला रेडमी मोबाइल और काला सैमसंग कीपैड मोबाइल बरामद किया गया है। एसपी ने बताया कि कैलाश दांगी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। वह ईटखोरी, चौपारण और शेरघाटी थाना में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम समेत विभिन्न मामलों में शामिल रहा है। वहीं मनोज कुमार अवैध शराब तस्करी में गया जेल जा चुका है।

0 Comments