कछार / गुवाहाटी : असम पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 57.5 करोड़ रुपये मूल्य की 2.3 लाख याबा टैबलेट जब्त की हैं। बरामदगी कछार जिले के उदरबंद थाना क्षेत्र के पंच मील इलाके में नाका चेकिंग के दौरान की गई। पुलिस अधीक्षक पार्था प्रतिम दास ने बताया कि यह कछार पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है। खुफिया सूचना के आधार पर नागालैंड नंबर के एक ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर विशेष रूप से बनाया गया गुप्त कक्ष मिला, जिसमें भूरे रंग के पैकेटों में याबा टैबलेट छिपाकर रखी गई थी। फोटो में दिख रहे P-1 से P-111 तक के पैकेट वही खेप हैं।पुलिस ने मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद और मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले हैं। ट्रक जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार याबा में मेथामफेटामाइन और कैफीन होता है, जो भारत में प्रतिबंधित है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह खेप म्यांमार की ओर से लाई जा रही थी और अंतरराज्यीय नेटवर्क के जरिए दूसरे राज्यों में सप्लाई की जानी थी। पुलिस नेटवर्क के सोर्स और फंडिंग की जांच कर रही है।
0 Comments