रांची : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने शांतनु मिश्रा को राजीव गांधी पंचायती राज संगठन का झारखंड प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस नियुक्ति पर उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार जताया। शांतनु मिश्रा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, झारखंड प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और सह-प्रभारी भूपेंद्र मरावी के प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वह इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। झारखंड में संगठन को पंचायत से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूत करना, जनहित के मुद्दों को उठाना और पंचायतों को उनके संवैधानिक अधिकार दिलाने के लिए काम करना उनकी प्राथमिकता होगी।
मिश्रा ने कहा कि सशक्त ग्राम सभा, अधिकार संपन्न पंचायत और जनभागीदारी पर आधारित लोकतंत्र ही राजीव गांधी के सपनों के भारत की नींव है। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी नेताओं के मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से राज्य में पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने और कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने के प्रयासों को गति मिलेगी।

0 Comments