चौपारण (हजारीबाग)। चौपारण प्रखंड में इन दिनों बंद घर चोरों के निशाने पर हैं। चोर रात के अंधेरे में बेखौफ होकर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं, जिससे लोगों में दहशत है। ताजा मामला केंदुआ मोड़ के आगे बसरिया रोड का है, जहां भोला चंद्रवंशी के घर में बीती रात चोरों ने धावा बोला। बताया जा रहा है कि परिजन परिवार के मुखिया के इलाज के लिए धनबाद गए हुए थे और पीछे से चोरों ने घर का ताला तोड़कर सामान पर हाथ साफ कर दिया। घर के अंदर बक्सा खुला और सामान बिखरा पड़ा मिला, जैसा कि तस्वीर में दिख रहा है।वहीं दूसरी घटना ताजपुर पंचायत की है, जहां राजू प्रसाद के घर के सामने खड़ी टेम्पो और पिकअप वैन से बैटरी निकाल ली गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में खड़ी गाड़ियों से डीजल-तेल निकाल लेना और बैटरी चोरी करना अब आम बात हो गई है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरों पर कार्रवाई की मांग की है।
0 Comments