चौपारण : प्रखंड के नया सिंघरावा स्थित प्रसिद्ध कोलेश्वरी मंदिर में चोरी की घटना सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। अज्ञात चोरों ने मंदिर को निशाना बनाते हुए माता के सोने के मुकुट समेत सोने और चांदी के कीमती आभूषणों की चोरी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त हो गया। जिस मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं, वहां इस तरह की घटना ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
माता के मुकुट और आभूषणों की चोरी की खबर फैलते ही मंदिर परिसर और आसपास के गांवों में चर्चा का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि यह घटना केवल कीमती सामान की चोरी नहीं, बल्कि उनकी धार्मिक आस्था और भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली घटना है। श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर जैसे पवित्र स्थान को भी चोरों ने नहीं छोड़ा, जो बेहद चिंताजनक है। घटना के बाद ग्रामीणों में इस बात को लेकर नाराजगी है कि आखिर मंदिर परिसर में सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम क्यों नहीं है।ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने, माता के मुकुट एवं सभी आभूषणों की बरामदगी तथा दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन कब गंभीर होगा? कोलेश्वरी मंदिर में हुई इस घटना ने एक बार फिर मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस मामले की गहन जांच कर जल्द ही चोरों तक पहुंचेगी और चोरी गए आभूषण बरामद करेगी।
0 Comments