कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग)। प्रखंड की चोरदाहा पंचायत में 15वें वित्त आयोग की राशि से लगाए गए 40 आरसीसी बेंच की लागत को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों द्वारा आंकी गई कीमत और विभागीय अधिकारियों द्वारा बताई गई दर में भारी अंतर सामने आने के बाद पंचायत में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। पंचायत के विभिन्न गांवों में कुल 40 आरसीसी बेंच स्थापित किए गए हैं। इसकी पुष्टि मुखिया प्रतिनिधि बैजनाथ गंझू ने की है। हालांकि प्रति बेंच लागत के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कोई स्पष्ट उत्तर नहीं दिया।
स्थानीय ग्रामीणों का अनुमान है कि एक बेंच की लागत चार से पांच हजार रुपये के बीच होनी चाहिए। इसके विपरीत पूर्व में कनीय अभियंता मुकेश कुमार द्वारा एक बेंच की कीमत 12,400 रुपये बताई गई थी। कीमतों में इस अंतर ने कई प्रश्न खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि 12,400 रुपये की दर सही है तो इसका आधार सार्वजनिक किया जाए। क्या इस राशि में केवल बेंच की कीमत शामिल है अथवा परिवहन, अधिष्ठापन एवं अन्य व्यय भी जोड़े गए हैं, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। यदि 12,400 रुपये प्रति बेंच की दर से गणना की जाए तो 40 बेंचों पर कुल व्यय 4 लाख 96 हजार रुपये होता है। जबकि ग्रामीणों के अनुमान के अनुसार यह राशि इससे काफी कम बैठती है।

0 Comments