Hot Posts

6/recent/ticker-posts

रांची: सिरमटोली फ्लाईओवर पर बीच सड़क में बिखरे बैरिकेड, बड़े हादसे का खतरा

रांची। राजधानी रांची के व्यस्त सिरमटोली फ्लाईओवर से सामने आई तस्वीरें सड़क सुरक्षा और जिम्मेदार एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। फ्लाईओवर के बीचों-बीच लाल रंग के कई बड़े प्लास्टिक बैरिकेड, ट्रैफिक ड्रम और अन्य सामान बिखरा हुआ दिखाई दे रहा है। सबसे गंभीर बात यह है कि इसी रास्ते से लगातार कार, बाइक और अन्य वाहन तेज रफ्तार में गुजर रहे हैं। जिस सड़क पर वाहन चालकों को सुरक्षित और सुगम यातायात मिलना चाहिए, वहीं बीच सड़क पर पड़ा यह सामान किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा है। जरा सी चूक हुई तो वाहन अनियंत्रित होकर बैरिकेड से टकरा सकते हैं, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि फ्लाईओवर पर इस तरह लापरवाही से सामान छोड़ देना प्रशासन की घोर लापरवाही को दर्शाता है। सवाल उठ रहा है कि आखिर इन बैरिकेडों को हटाने की जिम्मेदारी किसकी है और कब तक इस खतरे को ऐसे ही छोड़ दिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments