रांची। राजधानी रांची के सदर अस्पताल से मानवता को शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है। अस्पताल में इलाज के लिए आए एक बीमार बच्चे को ठंड से बचाने के लिए न तो कंबल नसीब हुआ, न ही बेड पर चादर। मजबूर मां ने अपने बेटे को ठंड से कांपते देख पास में पड़ी चटाई ओढ़ाकर ढक दिया। बताया जा रहा है कि बच्चा तेज बुखार और निमोनिया से पीड़ित था। परिजन उसे लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां बेड पर न तो पर्याप्त बिस्तर था और न ही ओढ़ने के लिए कंबल की व्यवस्था। देर रात ठंड बढ़ने पर बच्चा कांपने लगा तो मां ने इधर-उधर देखकर एक चटाई उठाई और उसी से बेटे को ढक दिया। इस पूरी घटना का वीडियो और फोटो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल
रांची सदर अस्पताल राजधानी का प्रमुख सरकारी अस्पताल है, जहां रोज सैकड़ों मरीज इलाज के लिए आते हैं। सर्दी के मौसम में अस्पताल में कंबल और गर्म कपड़ों की कमी कोई नई बात नहीं है, लेकिन एक मासूम को चटाई में लिपटा देखकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में करोड़ों का बजट आता है, लेकिन जमीनी हकीकत ये है कि मरीजों को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं।
प्रबंधन ने क्या कहा?
वायरल तस्वीर के बाद अस्पताल प्रबंधन ने मामले की जांच की बात कही है। सिविल सर्जन कार्यालय से कहा गया है कि ठंड को देखते हुए सभी वार्डों में कंबल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। फिलहाल इस शर्मनाक तस्वीर ने एक बार फिर झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है।

0 Comments