Hot Posts

6/recent/ticker-posts

रांची IIIT हॉस्टल में प्रथम वर्ष के छात्र की मौत से हड़कंप, छात्रों ने प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप

रांची। झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव थाना क्षेत्र स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) रांची के हॉस्टल में एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। मृतक की पहचान बिहार के पूर्णिया जिले के रहने वाले आदित्य के रूप में हुई है, जो बी.टेक प्रथम वर्ष का छात्र था। जानकारी के मुताबिक, घटना शनिवार रात करीब 10:45 बजे की है। जब छात्र के रूममेट ने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं आया। कमरा अंदर से बंद था। शक होने पर दरवाजे को बाहर से खोला गया, तो आदित्य बेहोश अवस्था में पड़ा मिला। साथी छात्रों ने उसे सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की।

छात्रों का आरोप - 45 मिनट तक नहीं मिली एंबुलेंस

इस घटना के बाद IIIT के छात्रों में भारी आक्रोश है। छात्रों का आरोप है कि संस्थान प्रशासन ने समय पर मेडिकल सहायता नहीं पहुंचाई।

छात्रों का कहना है कि:

- एंबुलेंस आने में करीब 45 मिनट की देरी हुई।

- हॉस्टल के केयरटेकर दीपक रोशन और उनका सहयोगी आकाश मौके से चले गए।

- ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर डॉ. कुंज बिहारी खरे नशे की हालत में थे और बिना इलाज किए चले गए।

- सुरक्षा कर्मी भी नशे में थे।

छात्रों का कहना है कि अगर समय पर एंबुलेंस और ऑक्सीजन मिल जाती तो आदित्य की जान बच सकती थी। छात्र बताते हैं कि संस्थान में पहले से ही बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर आंदोलन चल रहा था। बाद में छात्र को मेडिका अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद देर रात हॉस्टल परिसर में छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन किया।

पुलिस जांच और NHRC ने लिया संज्ञान

घटना की सूचना पर खेलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर रिम्स में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का संदिग्ध मामला मानकर जांच कर रही है। इधर, मामले ने तूल पकड़ लिया है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने भी इस घटना का स्वतः संज्ञान लिया है और लापरवाही की जांच के आदेश दिए है।

Post a Comment

0 Comments