Hot Posts

6/recent/ticker-posts

बड़कागांव में पुलिस का धावा: बंद मकान में चल रही थी ब्राउन शुगर की मंडी, 16 ग्राम जहर के साथ दो तस्कर रंगे हाथ धराए!


थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में नशा कारोबार पर लगातार शिकंजा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और स्मोक लाइटर भी बरामद  


 कृष्णा कुमार कुशवाहा 

बड़कागांव (हजारीबाग): नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत बड़कागांव थाना पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 16 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और एक स्मोक लाइटर भी बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग अमन कुमार को सोमवार दोपहर लगभग 1:30 बजे गोपनीय सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र के बाबुपारा गांव में गोन्दलपुरा मार्ग पर स्थित एक बंद पड़े मकान की चारदीवारी के भीतर ब्राउन शुगर का अवैध क्रय-विक्रय किया जा रहा है। सूचना की पुष्टि एवं त्वरित कार्रवाई हेतु अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद के नेतृत्व में विशेष छापामार दल का गठन किया गया।पुलिस दल जैसे ही चिह्नित स्थान पर पहुंचा, वहां उपस्थित दो युवक पुलिस को देखते ही भागने का प्रयास करने लगे। परंतु सशस्त्र बल की तत्परता से दोनों को मौके पर ही धर-दबोचा गया।

 तलाशी के दौरान बाबुपारा निवासी 24 वर्षीय आदित्य कुमार के पास से लगभग 12 ग्राम ब्राउन शुगर एवं एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद हुआ, जबकि बादम निवासी 24 वर्षीय विपिन कुमार पांडेय के पास से 10 पुड़िया ब्राउन शुगर (लगभग 4 ग्राम) तथा एक नीले रंग का स्मोक लाइटर जब्त किया गया।बरामदगी के आधार पर दोनों आरोपियों के विरुद्ध बड़कागांव थाना कांड संख्या 115/2026 के अंतर्गत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(b), 22(b) एवं 27(a) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूर्ण करने के पश्चात दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।उल्लेखनीय है कि थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में बड़कागांव पुलिस द्वारा विगत कुछ समय से नशा तस्करों एवं अवैध कारोबारियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी अभियान संचालित किया जा रहा है। पुलिस की निरंतर कार्रवाई से क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त तत्वों में हड़कंप व्याप्त है। स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की इस मुहिम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।इस सफल छापामारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अमित आनंद, थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अमित कुमार तथा बड़कागांव थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments