Hot Posts

6/recent/ticker-posts

जंगल में 'शराब की फैक्ट्री' ध्वस्त: 8800 किलो महुआ नष्ट, माफिया में हड़कंप!


चौपारण के परसातरी-अम्बातरी में लाखों का माल स्वाहा, 1200 लीटर चुलाई जब्त  

कृष्णा कुमार कुशवाहा  

चौपारण (हजारीबाग) : जंगल और नदी की आड़ में चल रही अवैध शराब की भट्ठी पर मंगलवार को उत्पाद विभाग ने ऐसा वार किया कि शराब माफिया की कमर ही टूट गई। चौपारण थाना क्षेत्र के परसातरी एवं अम्बातरी गांव के जंगलों और नदी किनारे छापेमारी कर विभाग ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। उपायुक्त हेमन्त सती के निर्देश पर सहायक आयुक्त उत्पाद, हजारीबाग के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में 8,800 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जबकि 1,200 लीटर तैयार चुलाई शराब जब्त की गई। टीम ने अवैध भट्टियों को ध्वस्त कर शराब बनाने में प्रयुक्त ड्रम, बर्तन और अन्य उपकरणों को भी जब्त कर नष्ट कर दिया।

गुप्त सूचना पर हुई इस कार्रवाई में कई कारोबारी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। अधिकारियों ने बताया कि संलिप्त लोगों की पहचान कर उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। विभाग ने चेतावनी दी है – "अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रहेगा, किसी को बख्शा नहीं जाएगा।"इस अभियान में अवर निरीक्षक सुमितेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक सैयद बसिरुद्दीन, एंटोनी बागे, सशस्त्र गृह रक्षा वाहिनी और चौपारण थाना पुलिस की टीम शामिल रही।

Post a Comment

0 Comments