Hot Posts

6/recent/ticker-posts

ICAR के 'खेत बचाओ अभियान' के तहत पांडेबारा में किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


 संतुलित उर्वरक, मृदा स्वास्थ्य जांच और प्राकृतिक खेती पर दिया गया जोर; वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. विजय बहादुर सिंह चौहान के नेतृत्व में हुआ प्रशिक्षण, मुखिया रेखा देवी रहीं मौजूद

 कृष्णा कुमार कुशवाहा

चौपारण (हजारीबाग)। प्रखंड अंतर्गत पांडेबारा पंचायत में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के तत्वावधान में 'खेत बचाओ अभियान' के तहत किसान जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, मृदा स्वास्थ्य और प्राकृतिक खेती के प्रति जागरूक करना था।  

यह कार्यक्रम निदेशक डॉ. सी. एच. श्रीनिवास राव के संरक्षण तथा परिसर प्रभारी डॉ. एस. के. महंता के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. विजय बहादुर सिंह चौहान ने किया।  

कार्यक्रम के दौरान किसानों को पोटाश उर्वरक का संतुलित उपयोग, उर्वरकों के सही उपयोग की विधि, जैविक उर्वरकों की उपयोगिता, मृदा स्वास्थ्य जांच, प्राकृतिक खेती तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। वैज्ञानिकों ने मिट्टी जांच के आधार पर उर्वरकों के प्रयोग की सलाह दी और फसल उत्पादन बढ़ाने के प्रभावी उपाय बताए।  

संस्थान की डॉ. आशा कुमारी, डॉ. काशीनाथ तेली तथा तकनीशियन अरुण कुमार रजक के सहयोग से किसानों को 'खेत बचाओ अभियान', आधुनिक कृषि, जैविक उर्वरक का महत्व, प्राकृतिक खेती एवं संतुलित खाद के उपयोग के बारे में प्रशिक्षित किया गया।  

किसानों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताया और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की इस पहल की सराहना की। सीएससी चौपारण के एफपीओ निदेशक दीपक कुमार एवं कैलाश साव ने ICAR से आए पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पांडेबारा पंचायत की मुखिया रेखा देवी, एफपीओ निदेशक दीपक कुमार एवं कैलाश साव की अहम भूमिका रही। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं किसानों ने भागीदारी निभाई।

Post a Comment

0 Comments