Hot Posts

6/recent/ticker-posts

सावन की पहली सोमवारी पर चोरदाहा में उमड़ा आस्था का सैलाब हजारों शिव भक्तों ने किया जलाभिषेक

चौपारण : पवित्र सावन मास की पहली सोमवारी पर चौपारण प्रखंड के चोरदाहा में आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। सोमवार सुबह करीब आठ बजे चोरदाहा शिव मंदिर परिसर से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और हर-हर महादेव तथा बोल बम के जयघोष के साथ भव्य जलाभिषेक यात्रा निकाली। यात्रा में महिलाओं, युवाओं और पुरुष श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी रही, जिससे पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा।

श्रद्धालुओं का जत्था बिहार के भलुआ स्थित महाने नदी उत्तरवाहिनी पहुंचा, जहां वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पवित्र जल भरा गया। इसके बाद शिवभक्त भक्ति गीतों पर झूमते, नाचते-गाते और भगवान भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए पुनः चोरदाहा शिव मंदिर पहुंचे। मंदिर में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक कर परिवार की सुख समृद्धि, समाज की खुशहाली और विश्व शांति की मंगलकामना की।

पूरी यात्रा के दौरान मार्ग भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण गूंजता रहा। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत कर जलपान एवं अन्य व्यवस्थाएं कीं। महिला श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने यात्रा को और अधिक भव्य और आकर्षक बना दिया। श्रद्धालुओं ने बताया कि सावन की पहली सोमवारी पर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करना अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है।

इसी धार्मिक आस्था और श्रद्धा के साथ बड़ी संख्या में भक्त इस पावन आयोजन में शामिल हुए। सफल आयोजन के बाद पूरे दिन चोरदाहा और आसपास के क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।

Post a Comment

0 Comments