चौपारण (हजारीबाग) : सोशल मीडिया पर पति द्वारा लगाए गए कथित आरोपों से आहत एक महिला ने चौपारण थाना में लिखित शिकायत देकर मानहानि, मानसिक प्रताड़ना और धमकी देने का आरोप लगाया है। झापा पंचायत के बेडना गांव निवासी यशोदा देवी ने अपने पति कैलाश पाण्डेय समेत तीन लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना में दिए आवेदन में यशोदा देवी ने कहा है कि 31 अगस्त 2026 को सोशल मीडिया पर कैलाश पाण्डेय की ओर से उनके संबंध में कुछ आरोप लगाए गए, जिन्हें उन्होंने पूरी तरह निराधार और मनगढ़ंत बताया है। महिला का कहना है कि रघु चौरसिया नामक व्यक्ति के साथ उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने रघु चौरसिया को सेवानिवृत्त कर्मी बताते हुए चाचा समान बताया है।
बरही महिला थाना में पहले से दर्ज है मामला
यशोदा देवी ने शिकायत में आरोप लगाया कि करीब छह माह पूर्व उन्होंने बरही महिला थाना में अपने पति एवं सोहन साव के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। उनका दावा है कि उस मामले में रघु चौरसिया ने उनका साथ दिया था। इसी वजह से उनके खिलाफ कथित रूप से षड्यंत्र कर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। न्होंने कैलाश पाण्डेय, सोहन साव और पिंटू यादव पर उन्हें बहकाकर बदनाम करने का आरोप लगाया है। महिला के अनुसार पिंटू यादव द्वारा पूर्व में फोन और मैसेज के माध्यम से भी धमकी दी गई थी।
आजीविका का संकट
शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पिछले तीन-चार वर्षों से केडुआ मोड़, सिजुआ स्थित अपने चाचा भुवनेश्वर पाण्डेय के घर पर रह रही हैं और नर्सिंग का काम कर अपना जीवनयापन करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पति की ओर से उन्हें जीविकोपार्जन के लिए आर्थिक सहायता नहीं दी जाती है। महिला ने शिकायत में कहा है कि सोशल मीडिया पर लगाए गए कथित आरोपों से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा और मानसिक स्थिति पर प्रतिकूल असर पड़ा है। उन्होंने थाना प्रभारी से मामले को संज्ञान में लेकर कैलाश पाण्डेय एवं अन्य के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही पति से आजीविका के लिए आर्थिक सहायता दिलाने का भी अनुरोध किया है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस की जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

0 Comments