Hot Posts

6/recent/ticker-posts

चौपारण में युवक की संदिग्ध मौत, कुएं से मिला शव; हत्या की आशंका, जांच की मांग..



डेलीखबर 99, चौपारण 

चौपारण : चौपारण थाना क्षेत्र के औलाद कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय मो. शहनवाज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक के भाई जावेद अख्तर ने थाना प्रभारी को आवेदन देकर अज्ञात लोगों पर हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है।आवेदन के अनुसार, मो. शहनवाज 6 फरवरी की शाम लगभग छह बजे के बाद से लापता था। परिजनों ने काफी खोजबीन की, इसी दौरान स्थानीय लोगों से बराहील पुल, नावाडीह चौपारण के समीप एक कुएं में शव होने की सूचना मिली। 11 फरवरी को करीब 2:30 बजे परिजन मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान शहनवाज के रूप में हुई। परिजनों का आरोप है कि शव के गर्दन पर चाकू के वार जैसा निशान तथा एक पैर की हड्डी टूटी हुई प्रतीत हो रही थी, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रशासन की मदद से शव को बाहर निकालकर चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया,जहां आवश्यक प्रक्रिया के बाद पोस्टमार्टम के लिए सुरक्षित रखा गया है।मृतक के परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।

थाना प्रभारी ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है।मामले की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments