रांची: झारखंड में सरकारी नौकरियों को लेकर अभ्यर्थियों के लिए दो अहम अपडेट सामने आए हैं. एक ओर जहां झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) ने ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती में फार्मेसी के डॉक्टर (Pharm D) डिग्रीधारियों को आवेदन का अवसर दिया है, वहीं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के लिए औपबंधिक मॉडल उत्तर जारी कर दिया है.
Pharm D डिग्रीधारियों के लिए दोबारा खुलेगा पोर्टल
ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती को लेकर JPSC ने बड़ा निर्णय लेते हुए फार्म-डी डिग्रीधारियों को भी आवेदन की अनुमति दे दी है. स्वास्थ्य विभाग से मंतव्य प्राप्त होने के बाद आयोग ने इस संबंध में स्वीकृति प्रदान की है. इसके साथ ही आयोग ने इन अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर देने के लिए ऑनलाइन पोर्टल दोबारा खोलने का निर्णय लिया है. यह पोर्टल 30 अप्रैल से 15 मई शाम 5 बजे तक खुला रहेगा.
केवल पात्र अभ्यर्थियों के स्वीकार होंगे आवेदन
गौरतलब है कि JPSC ने 28 जनवरी 2026 को स्वास्थ्य विभाग से अधियाचना मिलने के बाद ड्रग इंस्पेक्टर के 30 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था. उस समय ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 18 फरवरी निर्धारित की गई थी. अब संशोधित व्यवस्था के तहत केवल वे ही अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे, जिन्होंने 18 फरवरी 2026 तक फार्म-डी की डिग्री प्राप्त कर ली थी.
आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 10 मई शाम 5 बजे तय की गई है. जबकि ऑनलाइन आवेदन की हार्ड कॉपी 28 मई शाम 5 बजे तक जमा करनी होगी. आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा केवल पात्र अभ्यर्थियों के लिए ही उपलब्ध होगी और अन्य आवेदनों को स्वीकार नहीं किया जाएगा.

0 Comments