Hot Posts

6/recent/ticker-posts

रांची और चतरा में झारखंड पुलिस का बड़ा धावा, छह लुटेरे और 12 जुआरी गिरफ्तार...

रांची/चतरा : छह जून (भाषा) झारखंड के रांची और चतरा जिलों में विभिन्न अभियानों में छह कथित लुटेरों और 12 जुआरियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि इन कथित लुटेरों में से तीन बिहार के हैं। इसने बताया कि शुक्रवार को रांची में 12 और चतरा में चार गिरफ्तारियां की गईं। रांची (शहर) के पुलिस अधीक्षक पारस राणा ने बताया कि 25 मई को पंचवटी चौक के निकट एक होम गार्ड गणेश राम पर चाकू से हमला कर लूटपाट करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि गणेश राम स्कूटर से घर लौट रहे थे तभी उन पर हमला किया गया। उन्होंने बताया कि डोरंडा पुलिस थाना क्षेत्र में एक स्कूल के निकट जुआ खेलने के आरोप में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

राणा ने बताया कि पुलिस ने लूटा हुआ स्कूटर और होम गार्ड की वर्दी बरामद कर ली है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा, जुआ खेल रहे लोगों से 53,000 रुपये की नकदी, छह मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। चतरा में हंटरगंज पुलिस थाना क्षेत्र में चार अंतरराज्यीय लुटेरों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने पत्रकारों को बताया, ‘‘सूचना के आधार पर हमने दुमरिया स्कूल के निकट चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

इनमें से तीन बिहार के गया जिले के और एक चतरा जिले का रहने वाला है।’’ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने उनके पास से दो पिस्तौल समेत तीन हथियार, चार कारतूस और दो मोटरसाइकिल जब्त कीं।

Post a Comment

0 Comments