व्हाट्सएप के माध्यम से खराब चापानलों की जानकारी पर होगी त्वरित कारवाई
हज़ारीबाग़ : जिला प्रशासन, हजारीबाग द्वारा आम नागरिकों को पेयजल संबंधी समस्याओं से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से एक अभिनव पहल करते हुए “नीर वीर” नामक व्हाट्सएप चैटबॉट की शुरुआत की है।
उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने बताया कि आगामी गर्मी के मौसम में संभावित जल संकट को ध्यान में रखते हुए यह डिजिटल सुविधा विकसित की गई है, जिससे नागरिक अपने क्षेत्र की पेयजल समस्याओं को आसानी से दर्ज करा सकेंगे।
इस चैटबोट के माध्यम से आमजन खराब या निष्क्रिय चापानल (हैंडपंप) से संबंधित शिकायत दर्ज कर सकते हैं, तथा शिकायत की स्थिति की जानकारी तथा अपनी पूर्व शिकायतों का विवरण भी देख सकते हैं। यह प्रणाली पूरी तरह सरल, सुलभ एवं उपयोगकर्ता अनुकूल बनाई गई है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इसका लाभ उठा सकें।
शिकायत दर्ज करने के लिए नागरिक अपने मोबाइल से व्हाट्सएप नंबर 8757864361 पर संदेश भेज सकते हैं तथा अपने विकल्पों का चुनाव कर समस्या दर्ज करा सकते है। इसके अतिरिक्त, 8076635024 नंबर पर कॉल कर भी अपनी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
जिला प्रशासन द्वारा यह पहल सुनिश्चित करेगी कि पेयजल से जुड़ी समस्याओं का त्वरित संज्ञान लिया जाए और संबंधित विभाग द्वारा शीघ्र समाधान किया जा सके। प्रशासन ने सभी जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस सुविधा का अधिकाधिक उपयोग करें एवं अपने क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में सहयोग करें।

0 Comments