Hot Posts

6/recent/ticker-posts

14 जून के बजाय अब 12 जून को होगा रक्तदान महादान शिविर...

उपायुक्त के रक्तदान कार्यक्रम से तिथि टकराव के बाद युवा प्रेस क्लब का निर्णय,12 जून को सुबह 11 बजे से लगेगा शिविर...

चौपारण (हजारीबाग): समाज सेवा और मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए युवा प्रेस क्लब चौपारण द्वारा आयोजित होने वाले रक्तदान महादान शिविर की तिथि में परिवर्तन किया गया है। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह शिविर 14 जून को आयोजित होना था, लेकिन उसी दिन हजारीबाग में उपायुक्त के नेतृत्व में आयोजित रक्तदान कार्यक्रम को देखते हुए क्लब ने सर्वसम्मति से अपनी तिथि बदलकर 12 जून 2026 शुक्रवार कर दी है।युवा प्रेस क्लब के मीडिया प्रभारी अखिलेश पांडेय ने बताया कि क्लब के अध्यक्ष, सचिव एवं सभी प्रबुद्ध सदस्यों के साथ विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि रक्तदान जैसे पुनीत कार्य में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो तथा किसी प्रकार का कार्यक्रम टकराव न हो, इसके लिए तिथि परिवर्तन किया गया है।

उन्होंने बताया कि रक्तदान महादान शिविर का आयोजन 12 जून शुक्रवार को सुबह 11 बजे से चौपारण ब्लॉक मोड़, सब्जी मार्केट के सामने स्थित सावित्री मेडिकल हॉल में किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारी अंतिम चरण में है और क्लब के सदस्य फोन, सोशल मीडिया, समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों से लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक करने में जुटे हुए हैं।

युवा प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेश सिंह ने कहा कि रक्तदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति को जीवन देने का माध्यम है। उन्होंने कहा, आज भी कई मरीज समय पर रक्त नहीं मिलने के कारण जिंदगी और मौत से जूझते हैं। यदि हम स्वस्थ हैं तो हमारा एक छोटासा प्रयास किसी परिवार की खुशियां बचा सकता है। रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है और हर सक्षम व्यक्ति को इसके लिए आगे आना चाहिए।"

उन्होंने क्षेत्रवासियों,युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यवसायियों,जनप्रतिनिधियों एवं बुद्धिजीवियों से अपील करते हुए कहा कि 12 जून को सुबह 11 बजे से आयोजित रक्तदान महादान शिविर में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और रक्तदान कर मानवता की सेवा में अपना योगदान दें।क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि रक्तदान को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने की आवश्यकता है। रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे किसी भी स्वस्थ व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं होता, बल्कि यह समाज में जीवन बचाने की एक सशक्त पहल है। आपका एक यूनिट रक्त, किसी के जीवन की नई उम्मीद बन सकता है। आइए, 12 जून को रक्तदान करें और मानवता के इस महाअभियान का हिस्सा बनें। 

Post a Comment

0 Comments