बीडीओ नितेश भास्कर ने की सराहना, रक्तदाताओं को किया सम्मानित...
चौपारण (हजारीबाग): पत्रकारिता के साथ साथ सामाजिक सरोकारों को भी मजबूती से निभाने का संदेश देते हुए युवा प्रेस क्लब चौपारण द्वारा शुक्रवार को सब्जी मार्केट स्थित मां सावत्री मेडिकल हॉल में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने तथा रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में युवाओं,पत्रकारों,समाजसेवियों एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सेवा,समर्पण और मानवता का भाव देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ युवा प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेश सिंह ने किया। शिविर में रक्तदाताओं का पंजीकरण कर सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया। आयोजन स्थल पर रक्तदाताओं एवं अतिथियों के स्वागत और व्यवस्था को लेकर क्लब के सदस्य पूरे दिन सक्रिय रहे।मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रखंड विकास पदाधिकारी नितेश भास्कर ने रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस दरम्यान शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल हजारीबाग से आई टीम के द्वारा लगभग 25 यूनिट रक्त संग्रह किया गया। हजारीबाग प्रेस क्लब के पूर्व सचिव बिस्मय अलंकार तथा उपाध्यक्ष विशाल सिन्हा भी कार्यक्रम में शामिल हुए और युवा प्रेस क्लब की इस सामाजिक पहल की सराहना की।
बीडीओ नितेश भास्कर ने कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन आवश्यक हैं। युवा प्रेस क्लब की यह पहल निश्चित रूप से लोगों को प्रेरित करेगी।
बिस्मय अलंकार ने कहा कि पत्रकार केवल समाचारों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज के सुख दुख में सहभागी बनकर अपनी सामाजिक जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करते हैं। युवा प्रेस क्लब का यह प्रयास मानवता और सामाजिक सरोकार का उत्कृष्ट उदाहरण है।
युवा प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेश सिंह ने कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल पत्रकारिता करना नहीं,बल्कि समाजहित के कार्यों में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाना है। रक्तदान शिविर के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की सहायता का प्रयास किया गया है और आगे भी जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सचिव मनीष सिन्हा ने कहा कि रक्त की आवश्यकता कभी भी किसी को पड़ सकती है। इसलिए अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने की जरूरत है
संरक्षक मुकुंद साव ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और रक्तदान शिविर जैसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं।
संरक्षक राजेश सहाय ने कहा कि रक्तदान केवल एक सामाजिक कार्य नहीं बल्कि जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है। युवा प्रेस क्लब ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया है, जो अन्य संस्थाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा।
शिविर में रक्तदान करने वालों में मुकेश सिंह, मनीष सिन्हा, राजेश सहाय, राकेश सहाय, मुकुंद साव, अभिमन्यु प्रसाद भगत, विकाश गुप्ता, कांग्रेस नेता दीपक गुप्ता, बीरबल साहू, शेखर पाण्डेय, रविन्द्र पाण्डेय, सौरभ पाण्डेय, संजय यादव, समाजसेवी नागेन्द्र कुशवाहा, प्रवीण कुमार, करण पाण्डेय, विकाश कुमार यादव, विराज रविदास, तथा कृष्णा कुशवाहा सहित अन्य लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का परिचय दिया।रक्तदान शिविर में मनाया गया दीपक गुप्ता का जन्मदिन,शिविर के दौरान कांग्रेस नेता एवं रक्तदाता दीपक गुप्ता का जन्मदिन भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। युवा प्रेस क्लब के सदस्यों एवं उपस्थित लोगों ने केक काटकर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा उनके स्वस्थ, सुखद एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि जन्मदिन के मौके पर रक्तदान कर दीपक गुप्ता ने समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।आयोजन को सफल बनाने में संरक्षक मुकुंद साव, राजेश सहाय, अध्यक्ष मुकेश सिंह, सचिव मनीष सिन्हा, कोषाध्यक्ष बैजू गहलौत, बच्चू राणा, राकेश सहाय, चंद्रशेखर पांडेय, नागेंद्र कुशवाहा, बीरबल साहू, विकाश साहू, अजीत सिंह, प्रमोद स्वर्णकार, अखिलेश पांडेय, कृष्णा कुशवाहा, शेखर पांडेय, सौरभ शर्मा (इटखोरी), रविंद्र पांडे, करण पांडे तथा हजारीबाग प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष विशाल सिन्हा सहित युवा प्रेस क्लब के सभी पत्रकार साथियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।कार्यक्रम के अंत में युवा प्रेस क्लब की ओर से सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, समाजसेवियों, पत्रकार साथियों एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया। बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता से आयोजित यह रक्तदान शिविर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा और मानव सेवा, सामाजिक एकता तथा रक्तदान के प्रति जागरूकता का मजबूत संदेश देने में सफल रहा।


0 Comments