चौपारण : प्रखंड के केवला गांव में सड़क निर्माण योजना की स्वीकृति मिलने की खुशी में ग्रामीणों द्वारा स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला का ग्रामीणों ने फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही और पूरे गांव में उत्साह का माहौल देखने को मिला।ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण की स्वीकृति लंबे समय से गांव की प्रमुख मांग थी। सड़क बनने से लोगों को आवागमन में सुविधा होगी, किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी तथा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बेहतर होगी। ग्रामीणों ने इस उपलब्धि के लिए पूर्व विधायक उमाशंकर अकेला के प्रयासों की सराहना की।
अपने संबोधन में उमाशंकर अकेला ने कहा कि क्षेत्र का विकास और जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने कहा कि सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं गांवों के विकास की रीढ़ होती हैं और इसके निर्माण से क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।कार्यक्रम में पूर्व उप प्रमुख प्रतिनिधि लेलेश साहू, ताजपुर मुखिया प्रतिनिधि अभिमन्यु प्रसाद भगत, कोठरी सिंह, प्रहलाद सिंह, बीरेंद्र यादव, मतीन खान, बहादुर राणा सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने सड़क योजना की स्वीकृति पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे गांव के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। समारोह के दौरान ग्रामीणों ने विकास कार्यों को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए।

0 Comments