Hot Posts

6/recent/ticker-posts

जनता दरबार में गूंजी शिकायत तो हिली कुर्सी: 4.99 लाख के भवन निर्माण में गड़बड़ी, स्थल पर पहुंचे एलआरडीसी-बीडीओ

कृष्णा कुमार कुशवाहा 

चौपारण (हजारीबाग) प्रखंड के शहीद भगत सिंह उच्च विद्यालय झापा-बिसनपुर परिसर में विधायक मद से बन रहे सामुदायिक भवन निर्माण में कमीशनखोरी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों की शिकायत पर प्रशासन हरकत में आया और 17 जून 2026 को बरही एलआरडीसी रोशमा डुंगडुंग ने बीडीओ नितेश मास्कर के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की।क्या है पूरा मामला  झापा निवासी महेन्द्र पासवान ने करीब एक माह पहले हजारीबाग डीसी के जनता दरबार में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया कि विधायक मद से 4 लाख 99 हजार 900 रुपए की लागत से बन रहे भवन निर्माण में भारी अनियमितता बरती जा रही है।महेन्द्र पासवान के अनुसार, 15वें वित्त के जेई सह अभिकर्ता मुकेश कुमार को इस योजना का जिम्मा मिला है। कार्य की देखरेख के लिए जेई ने महेन्द्र पासवान को रखा था। अब तक कार्य की प्रगति के आधार पर तीन चरणों में कुल 2 लाख 82 हजार रुपए का भुगतान अभिकर्ता जेई मुकेश कुमार को हो चुका है। आरोप है कि जेई मुकेश कुमार ने महेन्द्र पासवान के खाते में सिर्फ 2 लाख 20 हजार रुपए भेजे और शेष 62 हजार रुपए कमीशन के नाम पर काट लिए। साथ ही रजिस्टर में 2 लाख 82 हजार रुपए पर हस्ताक्षर कराने का दबाव भी बनाया गया, जिसे महेन्द्र पासवान ने करने से इनकार कर दिया।स्थल निरीक्षण और प्रशासन का बयान  शिकायत के आलोक में मंगलवार को एलआरडीसी रोशमा डुंगडुंग, बीडीओ नितेश मास्कर, जेई अभिषेक कुमार और लिपिक अभिषेक ओझा ने संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण किया। जांच के दौरान दोनों पक्षों से पूछताछ भी की गई। जांच अधिकारी ने बताया कि स्थल निरीक्षण पूरा कर लिया गया है। अब सभी अभिलेखों की जांच की जाएगी और उसके बाद विस्तृत प्रतिवेदन वरीय पदाधिकारी को भेजा जाएगा। बीडीओ नितेश मास्कर ने कहा कि मामले की गहन जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही योजना का काम जल्द शुरू कराकर पूरा कराया जाएगा ताकि ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके। स्थानीय लोगों में आक्रोश  शहीद भगत सिंह के नाम पर बन रहे भवन में इस तरह की अनियमितता से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर सरकारी योजनाओं में भी कमीशनखोरी होगी तो विकास कैसे होगा?

Post a Comment

0 Comments