Hot Posts

6/recent/ticker-posts

चौपारण की श्री जगन्नाथ रथयात्रा बनेगी ऐतिहासिक, तीन दिवसीय महोत्सव में जुटेंगे लाखों श्रद्धालु

प्रबंधन समिति की बैठक में तैयारियों पर मंथन, चौथे वर्ष के आयोजन को भव्य बनाने का संकल्प; क्षेत्र के कई प्रखंडों से पहुंचे कोर कमिटि के सदस्य

चौपारण (हजारीबाग):धार्मिक आस्था और जनसहभागिता का प्रतीक बन चुकी चौपारण की श्री जगन्नाथ रथयात्रा अब राज्यस्तरीय पहचान हासिल करने लगी है। महज तीन वर्षों के भीतर इस आयोजन ने जिस तरह श्रद्धालुओं का विश्वास और जनसमर्थन अर्जित किया है, उससे इस वर्ष की रथयात्रा को लेकर उत्साह चरम पर है। आगामी 16 जुलाई को आयोजित होने वाली चौथी श्री जगन्नाथ रथयात्रा महा महोत्सव की तैयारियों को लेकर रविवार को माँ तारा होटल में यात्रा प्रबंधन समिति की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष हरिश्चंद्र सिंह ने की।

बैठक में चौपारण, इटखोरी, मयूरहंड, बरही, पदमा एवं चंदवारा सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे प्रमुख लोगों ने भाग लिया। विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से इस वर्ष रथयात्रा को तीन दिवसीय महामहोत्सव के रूप में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

समिति के अनुसार 16 जुलाई को सियरकोनी स्थित बैद्यनाथ नगर से भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा एवं भगवान बलभद्र की प्रतिमाओं को वाहन के माध्यम से चौथी मोड़ तक लाया जाएगा। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ भगवानों को भव्य रथ पर विराजमान कर मौसीबाड़ी बिगहा हनुमंत मंदिर परिसर तक ले जाया जाएगा। यहां दो दिनों तक भगवान विश्राम करेंगे। तीसरे दिन पारंपरिक घुमती रथयात्रा निकाली जाएगी, जो पुनः सियरकोनी मंदिर तक पहुंचेगी।

बैठक में यह अनुमान व्यक्त किया गया कि इस वर्ष के आयोजन में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता हो सकती है। बढ़ती लोकप्रियता और व्यापक जनसमर्थन को देखते हुए समिति ने सुरक्षा, यातायात, पेयजल, चिकित्सा एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर भी चर्चा की।

इस अवसर पर भक्तिवेदांत विद्याभवन गुरुकुल के संस्थापक श्रीमान दास गजाधर प्रभु ने रथयात्रा की आध्यात्मिक महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में शामिल होना स्वयं में एक महान पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भक्ति, समर्पण और सामाजिक एकता का महापर्व है।

समिति अध्यक्ष हरिश्चंद्र सिंह ने सभी सदस्यों से पूर्व वर्षों की तरह तन-मन-धन से सहयोग करने की अपील की। वहीं समिति सचिव राजदेव यादव ने आयोजन की विस्तृत रूपरेखा एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी। रथ यात्रा संयोजक अभिषेक सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में चौपारण की रथयात्रा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करेगी। उपाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि क्षेत्रवासियों के अभूतपूर्व सहयोग के कारण ही इतना विशाल आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो पाता है।

बैठक के दौरान सभी अतिथियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व शिक्षक आदित्य सिंह, रसिक सिंह, मनोज सिंह, बीरेंद्र सिंह, रामचंद्र सिंह, मुखिया प्रतिनिधि बिनोद सिंह, जिला परिषद सदस्य राकेश रंजन, गुरुदेव गुप्ता, विधायक प्रतिनिधि रमेश ठाकुर, सांसद प्रतिनिधि मुकुंद साहु, रामस्वरूप पासवान, आशीष सिंह, रंजीत चंद्रवंशी, रिशु बर्णवाल, सहदेव यादव, मुखिया सुनीता देवी, गंदौरी दांगी, रणवीर भगत, कृष्णा रविदास, आजाद भुइंया, सतेन्द्र सिंह, बलराम दांगी, राम सिंह, कोषाध्यक्ष मुनेश्वर गुप्ता, उपसचिव सुमन सिंह, विवेक सिंह, कैलाश सिंह, पंकज सिंह, मनोज मिश्रा, भुनैश्वर यादव, दयानंद केशरी, नंदू केशरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments