दादपुर और रामपुर पंचायत में खुले बैंक, चेयरमैन मदन मोहन वारियर ने किया उद्घाटन; बोले—"गांव-गांव तक बैंकिंग सुविधा पहुंचाना लक्ष्य, महिलाओं को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से जोड़कर बनाएंगे स्वरोजगार"
कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग): ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार और ग्रामीणों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से झारखंड ग्रामीण बैंक ने चौपारण प्रखंड के दादपुर एवं रामपुर पंचायत में एक साथ दो नई शाखाओं का शुभारंभ किया।
दोनों शाखाओं का उद्घाटन झारखंड ग्रामीण बैंक के चेयरमैन मदन मोहन वारियर, रीजनल मैनेजर भोला दानी, शाखा प्रबंधक हरी कुमार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में फीता काटकर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए चेयरमैन मदन मोहन वारियर ने कहा कि झारखंड ग्रामीण बैंक राज्य के सभी जिलों में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहा है तथा अब गांव-गांव तक बैंकिंग सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार शाखाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बैंक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से लाभान्वित महिलाएं बैंक से जुड़कर समूह या व्यक्तिगत ऋण प्राप्त कर स्वरोजगार शुरू कर सकती हैं और आत्मनिर्भर बन सकती हैं। बैंक द्वारा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME), मुद्रा ऋण योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) जैसी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा है।
चेयरमैन ने विशेष रूप से छात्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि झारखंड सरकार की गुरूजी क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे आर्थिक तंगी के कारण किसी भी छात्र की पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि झारखंड ग्रामीण बैंक प्रत्येक पंचायत में ग्राहक सेवा केंद्र (CSP) स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रहा है, ताकि ग्रामीणों, विशेषकर वृद्ध एवं दिव्यांगजनों को बैंकिंग सेवाओं के लिए दूर-दराज की यात्रा न करनी पड़े और वे अपने गांव में ही सभी आवश्यक सुविधाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर एफएलसीसी राखी सिन्हा, बैंक सखी बिंदिया केसरी, मुखिया जानकी यादव, चौपारण-1 जिप सदस्य राकेश रंजन, समाजसेवी अरविंद सिन्हा, मुखिया प्रतिनिधि विनोद सिंह, पूर्व मुखिया मो. सफाउद्दीन निजामी, समाजसेवी महेंद्र कुमार, व्यवसायी महेंद्र साव, जितेंद्र सिंह, छोटेलाल जायसवाल, वासुदेव दांगी, संदीप सिंह, रामचंद्र रजक, कैलाश दांगी, कृष्णा सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
ग्रामीणों ने बैंक की नई शाखाओं के उद्घाटन का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के आर्थिक विकास एवं वित्तीय समावेशन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

0 Comments