Hot Posts

6/recent/ticker-posts

हारपूर कांड में बड़ा एक्शन: 3 नामजद आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए


महिला से मारपीट के मामले में चौपारण पुलिस की कार्रवाई, अन्य आरोपियों की तलाश जारी 

कृष्णा कुमार कुशवाहा 

चौपारण (हजारीबाग) : प्रखंड क्षेत्र के दादपुर पंचायत अंतर्गत हारपूर गांव में एक महिला एवं उसके परिवार के साथ हुई कथित मारपीट के मामले में चौपारण पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। थाना प्रभारी पंकज कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में टुनटुन देवी, मंजू देवी एवं जगतपाल सिंह शामिल हैं। तीनों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है तथा अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। 

उन्होंने कहा कि पुलिस साक्ष्यों और जांच के आधार पर निष्पक्ष एवं विधिसम्मत कार्रवाई कर रही है। किसी भी आरोपी को बिना जांच के दोषी नहीं माना जाएगा, वहीं जिनके विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलेंगे, उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।गौरतलब है कि हारपूर गांव में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना के संबंध में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। थाना प्रभारी ने आम लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले में शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस गंभीरता से प्रयास कर रही है और जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments