चौपारण : जिस समाज में शिक्षा की लौ जलती है, उस समाज को आगे बढ़ने से कोई नहीं रोक सकता" - इस संदेश के साथ मंगलवार को होटल चेतना पैलेस का प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। मौका था झारखंड प्रजापति (कुम्हार) महासंघ द्वारा आयोजित 'प्रतिभा सम्मान समारोह 2026' का, जहां मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में परचम लहराने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। दीप प्रज्ज्वलन से हुआ आगाज, मेडल-प्रशस्ति पत्र से बढ़ाया मान कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। संचालन प्रखंड अध्यक्ष रामावतार प्रजापति एवं प्रवक्ता नंदकिशोर राज ने संयुक्त रूप से किया। मंच पर पहुंचते ही टॉपर छात्रों के चेहरे खुशी से दमक उठे। मुख्य अतिथि प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य गोपाल पंडित, विशिष्ट अतिथि जिला उपाध्यक्ष लीलाधन प्रजापति तथा डिरोजियो बोर्डिंग स्कूल, हजारीबाग के निदेशक राजेश राज ने पुष्पगुच्छ, माला व अंगवस्त्र देकर अतिथियों का स्वागत किया। सभी मेधावी विद्यार्थियों को मंच पर बुलाकर प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। प्रमाण पत्र हाथ में आते ही बच्चों की आंखों में गर्व और माता-पिता की आंखों में खुशी के आंसू साफ झलक रहे थे।
'संघर्ष ही सफलता की कुंजी' - मुख्य वक्ता राजेश राज ने विद्यार्थियों को करियर के गुर सिखाए। उन्होंने कहा, "सफलता के लिए कठिन परिश्रम, धैर्य और लक्ष्य के प्रति समर्पण जरूरी है। मेहनत से मिट्टी भी सोना बन जाती है।" उन्होंने अपने संघर्षों का अनुभव साझा किया और अपनी पुस्तक 'ब्लड हेवन' समाज को भेंट की। लाइफलाइन बैटरी के संचालक कामदेव प्रजापति ने टॉपर विद्यार्थियों को विशेष उपहार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। प्रखंड सचिव सह उपमुखिया रामसुंदर प्रजापति, झारखंड आंदोलनकारी कामेश्वर प्रसाद एवं जिला उपाध्यक्ष लीलाधन प्रजापति ने भी बच्चों को शिक्षा, संघर्ष और सामाजिक जागरूकता का पाठ पढ़ाया। पर्दे के पीछे के हीरो मैट्रिक एवं इंटर के विद्यार्थियों की सूची तैयार करने में अजीत प्रजापति, विजय प्रजापति एवं सोशल मीडिया प्रभारी अरविंद प्रजापति का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समारोह में डॉ. रामकुमार पंडित, रामसेवक प्रजापति, ललित प्रजापति, अशोक प्रजापति, नारायण प्रजापति, रूपेश प्रजापति, कमल शंकर पंडित, संजय प्रजापति सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

0 Comments