बरसों से बदहाल सड़क की सुधि लगा कौन अधिकारी या जनप्रतिनिधि? दैहर की जनता पूछ रही सवाल
_विशेष संवाददाता/चौपारण_
कृष्णा कुमार कुशवाहा
दैहर (हजारीबाग): प्रखंड अंतर्गत दैहर पंचायत को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग झापा पंचायत अंतर्गत बिशनपुर होते हुए दैहर जाने वाली सड़क बरसों से बदहाली का शिकार है। कई वर्षों से जर्जर हो चुकी यह सड़क अब बड़े-बड़े गड्ढों और कीचड़ में तब्दील हो गई है। हालात ऐसे हैं कि इस रास्ते पर पैदल चलना भी मुश्किल ही नहीं बल्कि दूभर है।
बरसात तो अभी बहुत दूर है वर्षा की चंद बूंदों ने सड़क की तस्वीर ही बदल दी है जो तस्वीरें खुद पूरी कहानी बयां कर रही हैं। सड़क पर इतने गहरे गड्ढे हैं कि उनमें पानी भरने से तालाब बन गए हैं। कहीं-कहीं तो सड़क का नामोनिशान ही मिट चुका है। पक्की सड़क से कच्चे रास्ते पर उतरते ही मुसीबत शुरू हो जाती है। स्कूली बच्चे इसी कीचड़ से होकर स्कूल जाने को मजबूर हैं। सबसे ज्यादा परेशानी मरीजों और गर्भवती महिलाओं को होती है। एंबुलेंस तो दूर, बाइक निकालना भी जोखिम भरा है।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे करके नेता चले जाते हैं, पर जीतने के बाद कोई नेता झांकने तक नहीं आता। ग्रामीणों ने बताया कि प्रखंड कार्यालय से लेकर विधायक, सांसद सबके दरवाजे पर गुहार लगाई, पर सड़क नहीं बनी। अब तो लगता है कि भगवान ही मालिक है।
मानसून सिर पर है। अगर जल्द मरम्मत नहीं हुई तो यह रास्ता पूरी तरह बंद हो जाएगा। दैहर पंचायत के सैकड़ों परिवार मुख्यालय से कट जाएंगे। राशन, दवाई, पढ़ाई सब ठप हो जाएगी।
दैहर पंचायत के लोगों ने जिला प्रशासन और झारखंड सरकार से मांग की है कि जनहित में इस सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए। ग्रामीणों का कहना है कि अब आश्वासन नहीं, काम चाहिए।

0 Comments