रांची: राजधानी के बुंडू थाना क्षेत्र में 19 जून को सुमनडीह गांव के पास तेतरटांड़ जंगल से बरामद सिर कटा और अधजले शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. 17 दिनों तक चले अनुसंधान के बाद बुंडू पुलिस ने तमाड़ थाना क्षेत्र के मांझीडीह निवासी संजय लोहरा हत्याकांड में उसकी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है.
जमीन में दबा मृतक का कटा सिर बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर तमाड़ थाना क्षेत्र के सुंदरडीह स्थित रानी वन से जमीन में दबे मृतक के कटे सिर को बरामद किया है. वहीं हत्या में प्रयुक्त एक कार को भी जब्त किया गया है. मामले में अब तक चार लोगों की संलिप्तता सामने आई है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
सिर कटा शव मिलने के बाद शुरू हुई जांच
दरअसल, 19 जून को बुंडू थाना क्षेत्र के तेतरटांड़ जंगल से सिर कटा और अधजला शव बरामद हुआ था. बाद में शव की पहचान तमाड़ थाना क्षेत्र के मांझीडीह निवासी संजय लोहरा के रूप में हुई. शव का सिर गायब था और शरीर को जलाकर पहचान मिटाने का प्रयास किया गया था. सिर नहीं मिलने के कारण यह मामला पुलिस के लिए ब्लाइंड मर्डर बन गया. इसके बाद बुंडू पुलिस ने तकनीकी, वैज्ञानिक और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर अनुसंधान शुरू किया. जांच के दौरान कई लोगों से पूछताछ की गई और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया गया.
प्रेमी की निशानदेही पर मिला सिर कटा शव
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी प्रेमी ने खुलासा किया कि हत्या के बाद मृतक का सिर तमाड़ थाना क्षेत्र के सुंदरडीह स्थित रानी वन में जमीन के भीतर दबा दिया गया था. इसके बाद बुंडू पुलिस आरोपियों को लेकर मौके पर पहुंची. आरोपी की निशानदेही पर जमीन खोदकर मृतक का सिर बरामद किया गया.
बरामदगी के दौरान मौके पर बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश, तमाड़ अंचल अधिकारी समरेश प्रसाद भंडारी, बुंडू थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो, तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो, बुंडू एसआई रंजीत कुमार सहित पुलिस बल मौजूद रहा. एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य एकत्र किए.
19 जून को मिला सिरकटा और अधजला शव पुलिस के लिए ब्लाइंड मर्डर था. मृतक का सिर नहीं मिलने के कारण अनुसंधान चुनौतीपूर्ण था. पुलिस टीम ने लगातार 17 दिनों तक तकनीकी, वैज्ञानिक और फॉरेंसिक आधार पर जांच की. जांच के दौरान महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही: ओमप्रकाश, डीएसपी, बुंडू
उन्होंने बताया कि पुलिस ने मृतक का सिर बरामद कर लिया है. अब तक की जांच में यह मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा सामने आया है. मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और दो अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आई है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. अनुसंधान पूरा होने के बाद मजबूत साक्ष्यों के साथ आरोप पत्र दाखिल किया जाएगा, ताकि आरोपियों को न्यायालय से कड़ी सजा दिलाई जा सके.
हत्या में प्रयुक्त कार जब्त, चार लोगों की संलिप्तता
पुलिस के मुताबिक, शुरूआती जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके दो अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी. हत्या के बाद शव की पहचान मिटाने के उद्देश्य से उसे जलाने का प्रयास किया गया तथा सिर को धड़ से अलग कर सुंदरडीह स्थित रानी वन में जमीन के भीतर दबा दिया गया. मामले में अब तक चार लोगों की संलिप्तता सामने आई है. पूरे घटनाक्रम के हर पहलू की जांच अभी जारी है.
17 दिनों के अनुसंधान के बाद मिली सफलता
शव की पहचान, गायब सिर की बरामदगी, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और आरोपियों तक पहुंचने तक यह मामला पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण रहा. बुंडू डीएसपी ओमप्रकाश के नेतृत्व में थाना प्रभारी जयदीप टोप्पो, अनुसंधान टीम, एफएसएल और तकनीकी टीम के समन्वित प्रयास से इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाई गई है. पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है और अनुसंधान में सामने आने वाले हर तथ्य की गहन जांच की जा रही है.

0 Comments