Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Crime : हजारीबाग में गैंगस्टर प्रिंस खान गैंग के साथ पुलिस की मुठभेड़, शूटर को पैर में लगी गोली



हजारीबाग: पुलिस और गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गे के बीच बड़कागांव में मुठभेड़ हुई है. मुठभेड़ में एक संदिग्ध अपराधी सैयद मोहम्मद दिशान को गोली लगी है. अपराधी को हजारीबाग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल इलाज के लिए भेजा गया है. यह घटना 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड के आसपास हुई है. हजारीबाग एसपी ने बताया कि कुछ अन्य अपराधी भी गिरफ्तार हुए हैं.

बड़ी वारदात को अंजाम देने के फिराक में थे अपराधी

हजारीबाग पुलिस इन दिनों अपराधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चला रही है. पिछले दिनों बड़कागांव 13 माइल के पास गैंगस्टर प्रिंस खान के बदमाशों ने फायरिंग की थी. इसके बाद पूरे क्षेत्र में विशेष रूप से अभियान चलाया जा रहा था. बुधवार देर रात बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल ट्रांसपोर्टिंग रोड के पास पुलिस और प्रिंस खान गैंग से जुड़े संदिग्ध अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई है.

इस दौरान, पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक संदिग्ध अपराधी सैयद मोहम्मद दिशान के दाहिने पैर में गोली लग गई. घायल अपराधी का इलाज शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है. वहीं, कुछ संदिग्ध अपराधी गिरफ्तार भी हुए हैं. जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अमन कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गैंग से जुड़े अपराधी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं. इसके तहत उन्होंने तत्काल जिले के संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती कर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया.


अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं: एसपी

बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह अपनी टीम के साथ जंगल क्षेत्र में सर्च अभियान चला रहे थे. इसी दौरान अपराधियों का पुलिस से सामना हो गया. पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने पहले फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की. इस दौरान एक अपराधी को गोली लग गई.

पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने कहा कि जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है. कानून को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. एसपी अमन कुमार ने बताया कि घायल व्यक्ति का नाम सैयद मोहम्मद दिशान है, जो हजारीबाग का रहने वाला है. पिछले दिनों यह एनटीपीसी में ड्राइवर का काम भी करता था. लातेहार में काम करने की बात बता रहा है. 24 घंटे के अंदर कई अपराधी प्रिंस खान गिरोह के गिरफ्तार हुए हैं. हथियार के लेनदेन और सूचना देने की बात की पुष्टि हुई है. उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.


चार दिन पहले हुई थी फायरिंग

26 जुलाई को एनटीपीसी की हाईवा गाड़ी पर हुई फायरिंग की घटना के बाद से पुलिस लगातार गैंग की गतिविधियों पर नजर रख रही थी. दो कोयला ट्रांसपोर्टेशन गाड़ियों के ऊपर पांच राउंड फायरिंग की गई थी. इस घटना में कोई व्यक्ति हताहत नहीं हुआ था. इस मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

Post a Comment

0 Comments