रांची: झारखंड सरकार के वित्त विभाग में संयुक्त सचिव और वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर के बीच सरकारी स्कॉट वाहन को लेकर उपजा विवाद अब समाप्त हो गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, संयुक्त सचिव पंकज कुमार सिंह ने अपने पत्र को लेकर खेद व्यक्त करते हुए वित्त मंत्री से माफी मांग ली है, जिसे मंत्री ने स्वीकार कर लिया है।
बताया गया कि 10 जुलाई को संयुक्त सचिव द्वारा भेजे गए पत्र में पुलिस मुख्यालय से उपलब्ध कराए गए तीसरे स्कॉट वाहन को वापस करने का अनुरोध किया गया था। इस पत्र पर वित्त मंत्री ने नाराजगी जताई थी और वित्त सचिव से स्पष्टीकरण भी मांगा था।
बाद में वित्त सचिव की मौजूदगी में हुई बैठक में संयुक्त सचिव ने अपने पत्र पर खेद व्यक्त किया। विभागीय सहमति के अनुसार, उन्होंने लिखित रूप से भी अपना स्पष्टीकरण देने पर सहमति जताई है। हालांकि, यह लिखित जवाब अभी वित्त मंत्री को प्राप्त नहीं हुआ है।
विवाद समाप्त होने के बाद वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सोमवार से कैबिनेट विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए सरकारी वाहन का उपयोग कर प्रोजेक्ट भवन जाना शुरू कर दिया है। हालांकि, उन्होंने अब भी सुरक्षा कर्मियों और स्कॉट वाहन की सुविधा नहीं ली है।
विभाग अब इस पूरे मामले को औपचारिक रूप से समाप्त करने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है।

0 Comments