Hot Posts

6/recent/ticker-posts

Snake Bite : बरसात के साथ बढ़ा मौत का साया, एक महीने में 40 से अधिक लोग को सांप ने काटा



लोहरदगा : मानसून की पहली बारिश के साथ ही लोहरदगा जिले में सर्पदंश के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं. जंगलों और पहाड़ियों से घिरे इस जिले में पिछले एक महीने के अंदर 40 से अधिक लोग सांप के काटने का शिकार हो चुके हैं. स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त तैयारी का दावा किया है.

लगातार बारिश से सांपों के बिलों में पानी भर जाने के कारण वे आबादी वाले इलाकों की ओर निकल रहे हैं. बीते एक माह में 40 से ज्यादा सर्पदंश के मामले सामने आए हैं, जबकि सिर्फ पिछले तीन दिनों में सदर अस्पताल में करीब 25 मरीज इलाज के लिए पहुंच चुके हैं.

कुछ दिन पहले कुडू प्रखंड के सलगी छापर टोली स्थित एक निजी आवासीय विद्यालय में करैत सांप ने चार छात्रों को काट लिया, जिसमें एक छात्र की मौत हो गई.

डेढ़ साल में 370 बने सांपों के शिकार

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले डेढ़ वर्ष में जिले में कुल 370 लोग सर्पदंश के शिकार हुए हैं. इनमें वर्ष 2025 में 327 और वर्ष 2026 के जनवरी से जून माह तक 43 मामले दर्ज किए गए. आपदा प्रबंधन विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक, पिछले तीन वर्षों में सर्पदंश से 10 लोगों की मौत हुई है. हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता की कमी के कारण कई मामले सरकारी आंकड़ों में दर्ज ही नहीं हो पाते.

पहाड़ों और जंगलों से घिरा है लोहरदगा

किस्को, पेशरार, सेन्हा, कुडू और कैरो प्रखंड के अधिकांश गांव जंगलों व पहाड़ियों से सटे हुए हैं. इन क्षेत्रों में नाग और करैत जैसे जहरीले सांपों के काटने की घटनाएं सबसे ज्यादा होती हैं. खेतों, बगीचों और घरों के आसपास सांपों की मौजूदगी अब आम बात बन गई है.

एंटी स्नेक वेनम है उपलब्ध

स्वास्थ्य विभाग ने सर्पदंश के बढ़ते मामलों को देखते हुए अस्पतालों में एंटी स्नेक वेनम की पर्याप्त व्यवस्था होने का दावा किया है. जिले में कुल 524 वायल एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध हैं. इनमें सदर अस्पताल में 280, किस्को में 114, सेन्हा में 60, भंडरा में 40 और कुडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 30 वायल मौजूद हैं.


Post a Comment

0 Comments