Hot Posts

6/recent/ticker-posts

भगहर के जंगल को ध्वस्त करने वालों पर प्रशासन की नजर, 10 अवैध भट्टियां ध्वस्त, 11,500 किलो महुआ नष्ट"

कृष्णा कुमार कुशवाहा

चौपारण (हजारीबाग)। बिहार की सीमा से सटे हजारीबाग जिले के घने भगहर जंगल को अवैध शराब का अड्डा बनाने वाले माफियाओं पर वन एवं उत्पाद विभाग ने करारी चोट की है। 

उपायुक्त हजारीबाग के निर्देश और सहायक आयुक्त उत्पाद के नेतृत्व में शनिवार को चलाए गए विशेष अभियान में वन विभाग की टीम ने 10 अवैध महुआ शराब भट्टियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। छापेमारी के दौरान टीम ने भारी मात्रा में शराब बनाने का सामान बरामद किया। 11,500 किलोग्राम महुआ - जिसे सड़ाकर शराब बनाई जानी थी, उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

1,100 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई - भट्टियों में उपयोग होने वाले ड्रम, बर्तन, पाइप और अन्य उपकरण भी जब्त कर लिए गए। स्थानीय लोगों और वन विभाग के अधिकारियों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि भगहर जंगल में अवैध शराब निर्माण और तस्करी का कारोबार बेरोकटोक चल रहा है। शराब माफिया जंगल की लकड़ियों का अंधाधुंध उपयोग कर न केवल वन संपदा को नुकसान पहुंचा रहे थे, बल्कि क्षेत्र में अपराध और सामाजिक बुराइयों को भी बढ़ावा दे रहे थे।

उत्पाद विभाग के अधिकारी रंजनीत ने बताया कि फरार शराब कारोबारियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जंगल में अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। सीमा क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। इस कार्रवाई में उत्पाद विभाग के पदाधिकारियों के साथ चौपारण थाना पुलिस के जवान भी शामिल थे।

Post a Comment

0 Comments