अब झोला-छाप डॉक्टरों से छुटकारा, गांव में ही मिलेगा मुफ्त इलाज, मंत्रोच्चार और शिव चर्चा के साथ हुआ गृह प्रवेश
कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग) : बरही विधानसभा के सिंघरावां पंचायत के टीटही गांव में आखिरकार वो दिन आ गया जिसका ग्रामीण वर्षों से इंतजार कर रहे थे। पीले रंग में चमचमाते नवनिर्मित आयुष्मान आरोग्य मंदिर (उप-स्वास्थ्य केंद्र) का उद्घाटन बरही के तेज-तर्रार विधायक मनोज कुमार यादव ने फीता काटकर किया। फीता कटते ही ग्रामीणों ने तालियों और जयकारों से पूरे परिसर को गूंजा दिया।अब नहीं जाना होगा 20 KM दूर, गांव में ही डॉक्टर-दवा इस आरोग्य मंदिर के खुलने से टीटही ही नहीं, बल्कि सिंघरावां और आसपास के 15 गांवों के हजारों गरीब ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है। अब बुखार, सर्दी-खांसी, बीपी, शुगर जांच, गर्भवती महिलाओं की देखभाल और बच्चों के टीकाकरण के लिए चौपारण या हजारीबाग नहीं भागना पड़ेगा। गांव में ही सरकारी डॉक्टर, एएनएम और दवाइयां मुफ्त मिलेंगी।
भक्तिमय माहौल में हुआ उद्घाटन उद्घाटन सिर्फ फीता काटकर नहीं हुआ। एएनएम, सहिया दीदियों और महिला मंडल की महिलाओं ने शिव चर्चा और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा-अर्चना की। ढोलक-मंजीरे की थाप पर भजन गूंजे और पूरे आरोग्य मंदिर का गृह प्रवेश कराया गया। कुछ देर के लिए लगा मानो स्वास्थ्य मंदिर सच में भगवान का मंदिर बन गया हो। "आरोग्यं परमं धनम्" के नारे के साथ दीवारों पर स्वास्थ्य जागरूकता के संदेश भी लिखे गए हैं।विधायक ने दहाड़ा - स्वास्थ्य मेरी पहली प्राथमिकता मंच से विधायक मनोज कुमार यादव ने कहा, "मेरा सपना है कि मेरे विधानसभा के अंतिम गांव के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचे। झोला-छाप डॉक्टरों के भरोसे गरीबों की जान नहीं जाने दूंगा। यह आरोग्य मंदिर गरीबों के लिए संजीवनी साबित होगा। छोटी-बड़ी बीमारी का इलाज अब दरवाजे पर होगा।"
मंच पर दिग्गजों का जमावड़ा इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि सहदेव प्रसाद यादव, मुखिया संघ अध्यक्ष वीरेंद्र रजक, स्थानीय मुखिया संतोष सिंह, पंचायत समिति सदस्य विजय मधेसिया, भाजपा नेता देवल यादव, राजेंद्र चंद्रवंशी, राजेश रवानी, प्रकाश चंद्रवंशी, दिनेश यादव, राजेश यादव, संजू साव, बबलू साव सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।ग्रामीणों ने कहा - विधायक जी ने जो कहा था वो करके दिखाया। अब हमारे गांव में भी शहर जैसी स्वास्थ्य सुविधा होगी।

0 Comments