NHAI की लापरवाही से गई जान, विधायक मनोज यादव ने पीडी को फोन पर लगाई फटकार, बोले - खून से रंगे ठेकेदारों की मनमानी नहीं चलेगी
कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग) : महूदी में मौत बनकर दौड़ रही सड़क ने एक और जिंदगी लील ली और उसके बाद पूरे इलाके में आक्रोश का ज्वालामुखी फट पड़ा। दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत के दूसरे दिन बुधवार को गुस्साए ग्रामीणों ने निर्माण कंपनी के गेट पर ही शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। कंपनी गेट के सामने शव रखते ही अफरा-तफरी मच गई। सैकड़ों ग्रामीण जुट गए और "मुआवजा दो, सुरक्षा दो" के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। ग्रामीणों का आरोप है कि NHAI और निर्माण कंपनी की घोर लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, न कोई साइन बोर्ड, न डायवर्जन, न स्पीड ब्रेकर - मानो मौत को खुला न्योता दिया जा रहा हो। इसी लापरवाही ने महूदी के एक गरीब परिवार का चिराग बुझा दिया।जब पहुंचे विधायक, तो थर्राया सिस्टम हंगामे की सूचना मिलते ही बरही के विधायक मनोज कुमार यादव तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी बात सुनी और वहीं से NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर (PD) को फोन लगाया। फोन पर ही विधायक ने कड़ी फटकार लगाते हुए कहा - "क्या आप लोगों को ग्रामीणों की जान की कोई परवाह नहीं है? गड्ढों में तब्दील सड़क पर लोगों को मरने के लिए छोड़ दिया है?"
विधायक की दो-टूक के बाद NHAI के अधिकारियों के होश उड़ गए। पीडी ने तुरंत सड़क की सुरक्षा व्यवस्था सुधारने और गड्ढों को भरने का आश्वासन दिया।वहीं निर्माण कंपनी को भी झुकना पड़ा। कंपनी प्रबंधन ने लिखित में पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने का वादा किया, तब जाकर ग्रामीणों ने शव को उठने दिया और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी हुई।सुरक्षा से कोई समझौता नहीं विधायक मनोज यादव ने कहा, "सड़क निर्माण के नाम पर लोगों की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा। सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे। ग्रामीणों की सुरक्षा मेरी पहली प्राथमिकता है। संबंधित एजेंसी को 24 घंटे में सड़क दुरुस्त करनी होगी, नहीं तो बड़ा आंदोलन होगा।"मौके पर सांसद प्रतिनिधि सहदेव प्रसाद यादव, विधायक प्रतिनिधि राजदेव यादव, मुखिया संघ अध्यक्ष वीरेंद्र रजक सहित सैकड़ों आक्रोशित ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द सुरक्षा व्यवस्था नहीं सुधरी तो NH को जाम कर उग्र आंदोलन किया जाएगा।

0 Comments