ट्रैक्टर खुद चलाकर पहुंचे, शहीद स्थल से लेकर कमला मंदिर तक युवाओं का सैलाब, दैहर मोड़ पर घंटों जाम
कृष्णा कुमार कुशवाहा
दैहर/चौपारण (हजारीबाग) : झारखंड के चर्चित छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो बुधवार को जब चौपारण के दैहर पंचायत पहुंचे तो पूरा इलाका 'छात्र एकता जिंदाबाद' के नारों से गूंज उठा। बेढ़ना-दैहर मोड़ पर जैसे ही उनकी झलक दिखी, सैकड़ों बाइक, ट्रैक्टर और पैदल युवाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत हुआ। नजारा ऐसा था जैसे किसी बड़े आंदोलन की शुरुआत हो चुकी हो।शहीद को नमन, फिर ट्रैक्टर पर सवार होकर हुंकार सबसे पहले छात्र नेता बेढ़ना में शहीद अजीत सिंह की प्रतिमा स्थल पर पहुंचे। वहां प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शहीद को नमन किया। प्रतिमा स्थल पर मौजूद युवाओं की आंखों में आक्रोश और जोश दोनों था। हाथों में तख्तियां थीं - 'झारखंड में नौकरी बेचना बंद करो', 'पेपर लीक बंद करो'।

इसके बाद जो हुआ उसने सबका ध्यान खींच लिया। देवेंद्र नाथ महतो खुद ट्रैक्टर के स्टीयरिंग पर बैठ गए और काफिले को लीड करते हुए ऐतिहासिक कमला माता मंदिर की ओर कूच किया। आगे-आगे ट्रैक्टर, पीछे-पीछे बाइकों का लंबा काफिला, ग्रामीण सड़क के दोनों किनारे खड़े होकर नारा लगा रहे थे। कच्ची-पक्की सड़क पर ट्रैक्टर की गड़गड़ाहट के साथ युवाओं की नारेबाजी पूरे दैहर पंचायत में गूंज रही थी।
कमला मंदिर में दहाड़े - "योग्यता नहीं, पैसा है सरकार का पैमाना" कमला माता मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद सभा हुई। सभा में देवेंद्र नाथ महतो ने झारखंड सरकार पर सीधा हमला बोला। उन्होंने गरजते हुए कहा - "आज झारखंड में नौकरियां बिक रही हैं। मेहनत करने वाला छात्र रात-रात भर पढ़ रहा है और पैसे वाले नियुक्ति पत्र ले रहे हैं। पेपर लीक कराकर युवाओं के सपनों को लूटा जा रहा है। सरकार ने योग्यता का मतलब पैसा बना दिया है। मंच से नियुक्ति पत्र बांटना क्या दिखाता है? ये नियुक्ति नहीं, नीलामी है।" उन्होंने कहा, "यह लड़ाई मेरी नहीं है। यह दैहर (झारखंड) के हर उस बेरोजगार बेटे की लड़ाई है जो लाइब्रेरी में पसीना बहा रहा है। अगर आज हम चुप रहे तो आने वाली पीढ़ी हमें गद्दार कहेगी। सरकारी तंत्र जानबूझकर झारखंडी प्रतिभाओं को कुचल रहा है।"
छात्र नेता ने साफ चेतावनी दी - "सरकार कान खोलकर सुन ले। अगर नियुक्तियों में पारदर्शिता नहीं आई, पेपर लीक और नौकरी बिक्री का धंधा बंद नहीं हुआ तो पूरा झारखंड जाम होगा। हम उग्र आंदोलन करेंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार की होगी। जात-पात, धर्म से ऊपर उठकर युवाओं को एक होना होगा।"सभा में मौजूद युवाओं ने हाथ उठाकर भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ लड़ने की शपथ ली। मौके पर मौजूद रहे कार्यक्रम में दैहर पंचायत के देव कुमार दांगी, सुरेश दांगी, प्रवीण कुमार दांगी, उमेश कुमार, कृष्णा कुमार कुशवाहा, अमित कुशवाहा, विवेक कुमार, पिंटू दांगी, मनोज दांगी, शंभू कुमार दांगी सहित सैकड़ों छात्र, बेरोजगार युवा और ग्रामीण मौजूद थे।
0 Comments