चौपारण (हजारीबाग) : चौपारण बाजार में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जैन मंदिर के समीप स्थित प्रतिष्ठित बर्णवाल स्टोर में पुलिस ने अचानक छापेमारी की। सूत्रों के अनुसार इस कार्रवाई में दुकान से भारी मात्रा में नकली सिगरेट और गुटखा बरामद होने की बात सामने आ रही है। छापेमारी की खबर आग की तरह पूरे बाजार में फैल गई और चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मंदिर के समीप तंबाकू उत्पादों के नाम पर नकली और अवैध सामग्री की बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने बर्णवाल स्टोर में छापा मारा और वहां रखे विभिन्न कंपनियों के सिगरेट, गुटखा और अन्य तंबाकू उत्पादों की गहन जांच की। इस मामले में दुकान संचालक राजू बर्णवाल, पिता राजेंद्र बर्णवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद किया गया माल कहां से लाया गया था और इसका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।
इस संबंध में जब चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामले में पूछताछ जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बरामद उत्पाद असली हैं या नकली, और इस पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इधर, छापेमारी की खबर फैलते ही आसपास के अन्य दुकानदारों में भी दहशत का माहौल है। लोग अब इंतजार कर रहे हैं कि पुलिस जांच में क्या निकलता है, क्योंकि यदि यह नकली निकला तो यह सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। फिलहाल पुलिस के आगे की कार्रवाई पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

0 Comments