चोरी के अंजाम से सबक: मेहनत की रोटी ही सुकून देती है, अपराध का रास्ता जेल तक जाता है
कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग) : कहते हैं कि बुरी संगत और गलत राह इंसान को क्षणिक लाभ तो दे सकती है, लेकिन उसका अंत हमेशा पछतावे और सलाखों के पीछे होता है। कुछ ऐसा ही मामला चौपारण थाना क्षेत्र में सामने आया है, जहां चोरी की घटना को अंजाम देने वाले तीन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर समाज के सामने एक कड़ा संदेश दिया है कि अपराध का रास्ता कभी भी उज्ज्वल भविष्य नहीं देता। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग के निर्देश पर चौपारण थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम सेलहरा में हुई चोरी की घटना का उद्भेदन किया है। इस संबंध में चौपारण थाना कांड संख्या 232/26, दिनांक 05/09/2026, धारा 305(3)(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। दरअसल, दिनांक 03/09/26 की रात सेलहरा चौक स्थित एक मोबाइल दुकान में चोरी और मोटरसाइकिल चोरी की घटना हुई थी। पुलिस को दिनांक 07/09/26 को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम सेलहरा में कुछ संदिग्ध युवक देखे गए हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए छापामारी दल का गठन किया गया।
प्रथम दृष्टया संदिग्ध सोनू कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने पिंटू यादव और मंटू कुशवाहा को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों की निशानदेही पर चोरी गया सारा सामान बरामद कर लिया गया। पुलिस ने इनके पास से 5 पीस ब्लूटूथ हेडफोन, 4 पीस कीपैड मोबाइल, 4 पीस 5जी मोबाइल, 8 पीस मोबाइल चार्जर, 20 पैकेट टेम्पर्ड ग्लास, स्पीकर, इन्वर्टर बैटरी, एलईडी बल्ब सहित कुल 17 प्रकार के सामान, एक चोरी की बिना नंबर की लाल पैशन प्रो मोटरसाइकिल और एक स्वीफ्ट कार (JH02X-7452) बरामद की है। गिरफ्तार तीनों युवक - 1. सोनू यादव (19 वर्ष), पिता प्रकाश यादव, 2. पिंटू यादव (29 वर्ष), पिता काली यादव, दोनों साकिन सेलहरा खुर्द, चौपारण और 3. मंटू कुशवाहा (30 वर्ष), पिता स्व. शिव शंकर महतो, साकिन बरसोत, बरही के रहने वाले हैं।
छापामारी दल में शामिल पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी:
पु.अ.नि. पंकज कुमार थाना प्रभारी चौपारण, पु.अ.नि. दिव्य प्रकाश चौपारण थाना, पु.अ.नि. सुनिल राम, स.अ.नि. मो. कमरुद्दीन, स.अ.नि. बादल कुमार महतो एवं चौपारण थाना सशस्त्र बल शामिल थे।इस घटना से यह स्पष्ट होता है कि आज के युवा मेहनत के बजाय जल्द पैसा कमाने के लालच में अपराध के दलदल में फंस रहे हैं। पुलिस का कहना है कि चोरी किया गया कोई भी सामान कभी भी सुख नहीं देता। मेहनत और ईमानदारी से कमाई गई छोटी रकम भी चोरी के बड़े माल से अधिक सम्मानजनक होती है।पुलिस ने आम लोगों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि गलत संगत से बचें, नशा और अपराध से दूर रहें और अपने परिवार व समाज में एक अच्छे नागरिक के रूप में अपनी पहचान बनाएं। क्योंकि एक गलत कदम न सिर्फ आपका भविष्य बर्बाद करता है, बल्कि पूरे परिवार को शर्मिंदा करता है। सही राह पर चलकर ही एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।

0 Comments