महिला उत्पीड़न, नशा, डायन कुप्रथा और डायल-112 की दी जानकारी, बोले - घबराएं नहीं, तुरंत पुलिस को दें सूचना
कृष्णा कुमार कुशवाहा
चौपारण (हजारीबाग) : कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, मानगढ़ में शनिवार को छात्राओं के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और नशा मुक्ति को लेकर जागरूक किया। थाना प्रभारी श्री कुमार ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने छात्राओं को महिला उत्पीड़न एवं घरेलू हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने और अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समाज में आज भी डायन कुप्रथा जैसी अंधविश्वास पर आधारित कुरीतियां बड़ी चुनौती हैं, इसका खुलकर विरोध जरूरी है।
नशे के दुष्प्रभाव पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, पूरे परिवार और समाज को बर्बाद करता है। छात्राओं से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।साइबर फ्रॉड से बचाव के लिए उन्होंने कहा - अनजान लिंक पर क्लिक न करें, OTP, ATM पिन और बैंक पासवर्ड किसी से साझा न करें। आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 पर कॉल कर पुलिस सहायता लें। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने कई सवाल पूछे, जिनका थाना प्रभारी ने सरल शब्दों में जवाब दिया। विद्यालय की शिक्षिकाओं ने भी छात्राओं को जागरूकता संदेश को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।

0 Comments