चौपारण (हजारीबाग) : प्रखंड के सुदूरवर्ती ग्राम चोरदाहा में ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल हुई है। पंजाब नेशनल बैंक के नए CSP-सह-CSC सेंटर का उद्घाटन बरही के लोकप्रिय विधायक श्री मनोज कुमार यादव ने फीता काटकर किया। इस केंद्र के शुरू होने से अब ग्रामीणों को छोटी-छोटी बैंकिंग जरूरतों के लिए चौपारण या बरही जाने की मजबूरी से छुटकारा मिलेगा।
सेंटर के संचालक सन्नी पासवान ने मुख्य अतिथि सहित सभी आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया। उद्घाटन के बाद विधायक ने केंद्र परिसर में ही जन-चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस CSP सेंटर के खुलने से चोरदाहा सहित आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा: गांव के गरीब, मजदूर, किसान और महिलाएं अब आसानी से अपना खाता खोल सकेंगे, पैसे जमा और निकासी कर सकेंगे वित्तीय समावेशन का लाभ उठा सकेंगे।
रोजगार का सृजन:
इस तरह के सेंटर से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलता है और डिजिटल इंडिया का सपना गांव-गांव तक पहुंचता है। आधार से पैसे निकालना, बिल जमा करना, पैन कार्ड, आयुष्मान कार्ड जैसे तमाम कार्य अब एक ही छत के नीचे होंगे। विधायक मनोज यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि अंतिम व्यक्ति तक बैंकिंग सुविधा पहुंचे। यह CSP सेंटर उसी दिशा में एक सार्थक कदम है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और लोगों में बचत की प्रवृत्ति बढ़ेगी। मौके पर विधायक प्रतिनिधि राजदेव यादव, पूर्व मुखिया संघ अध्यक्ष सुखदेव पासवान, भाजपा नेता राजकुमार यादव, परमेश्वर यादव, कृष्णा पासवान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

0 Comments